ब्रिगेडियर सेन ने किया संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण, अनुशासन और सैन्य कौशल की जमकर सराहना
पी के गुप्ता
गया जी। बाजार समिति, चंदौती में चल रहे 27 बिहार बटालियन एनसीसी के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में मंगलवार को कैडेटों ने अनुशासन, सैन्य कौशल और टीमवर्क का शानदार प्रदर्शन किया। शिविर के नौवें दिन गया ग्रुप मुख्यालय के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर देबकुमार सेन ने कैंप का निरीक्षण किया। कैंप पहुंचने पर कैडेटों ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ उन्हें शानदार गार्ड ऑफ ऑनर दिया। 27 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल भूपेश पठानिया ने ग्रुप कमांडर का स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान ब्रिगेडियर सेन ने कैंप कार्यालय, मेस, आवासीय व्यवस्था और प्रशिक्षण से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कैडेटों को दी जा रही सुविधाओं और प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने कैडेटों से संवाद कर उनके प्रशिक्षण अनुभवों और समस्याओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
फील्ड और बैटल क्राफ्ट का शानदार प्रदर्शन
शिविर के दौरान कैडेटों ने फील्ड क्राफ्ट और बैटल क्राफ्ट का प्रभावी प्रदर्शन किया। सैन्य प्रशिक्षण के दौरान सीखे कौशल, रणनीति, टीमवर्क और अनुशासन को कैडेटों ने डेमो के माध्यम से बखूबी प्रदर्शित किया। उनके आत्मविश्वास और समन्वय से प्रभावित ब्रिगेडियर सेन ने कैडेटों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त मंच है। प्रशिक्षण से युवाओं में कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने, टीम भावना के साथ कार्य करने और जिम्मेदारी निभाने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने कैडेटों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर देश के जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
रंगोली और कलाकृतियों ने भी खींचा ध्यान
निरीक्षण के दौरान ब्रिगेडियर सेन ने कैडेटों द्वारा तैयार की गई आकर्षक कलाकृतियों और रंगोली का भी अवलोकन किया। उन्होंने कैडेटों की रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा और सामाजिक संदेशों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि कला कैडेटों के व्यक्तित्व विकास और अपनी भावनाओं को प्रभावी ढंग से व्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। इस अवसर पर सूबेदार मेजर सरदारी लाल, ऑनरेरी कैप्टन आरबी शर्मा, एएनओ मुकेश वर्मा, पुरुषोत्तम पांडे, रंजय कुमार रश्मि, बिनेश कुमार, लेफ्टिनेंट प्रो. पमपम कुमारी, सूबेदार सूरज सोरेन, सूबेदार एकदेव थापा, सीएचएम देवराज, हवलदार जगदीश, नील प्रसाद गुरुंग, अभय पाठक, सीएचएम राम किशोर कम, देशपाल, सुरेंद्र, प्रभात कुमार तिवारी, पवन, वीरेंद्र, हेड क्लर्क उमेश कुमार, संजय कुमार मंडल, संतोष कुमार झा, लक्ष्मण कुमार, धीरज कुमार और मिंटू कुमार सहित अधिकारी, प्रशिक्षण स्टाफ एवं कैडेट मौजूद रहे।












Leave a Reply