एनयूजेआई का विभूति सम्मान एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित, पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और सामाजिक दायित्वों पर हुआ मंथन
अमित कुमार
हरिद्वार। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) के तत्वावधान में अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती पर विभूति सम्मान एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। प्रेस क्लब सभागार में आयोजित समारोह में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, सामाजिक सरोकारों और पत्रकारों के दायित्वों पर चर्चा की गई। इस दौरान एनयूजेआई की नवनिर्वाचित जिला कार्यकारिणी को शपथ दिलाई गई और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, अध्यक्षता कर रहे पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, मुख्य वक्ता अनुपम त्रिवेदी, प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। एनयूजेआई के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा और महामंत्री जोगेंद्र सिंह मावी ने अतिथियों का माल्यार्पण एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। उन्हें स्मृति चिह्न, शंख और रुद्राक्ष की माला भेंटकर सम्मानित भी किया गया। स्वामी यतीश्वरानंद ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को पद एवं दायित्वों की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन अमित शर्मा ने किया। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी का देश की आजादी के संघर्ष में अनुकरणीय योगदान रहा है। पत्रकारों को उनके जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में तेजी से बदलाव आ रहे हैं। ऐसे दौर में पत्रकारों को सावधानी, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपने मिशन को आगे बढ़ाना चाहिए।
कार्यक्रम अध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी ने अपना जीवन देश और समाज के लिए समर्पित कर दिया। उनकी लेखनी ने सामाजिक विसंगतियों को उजागर करने के साथ ही आपसी सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। पत्रकारों का दायित्व है कि वे तथ्यों की पड़ताल कर समाज के सामने सच्चाई रखें। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में भी पत्रकारों की अहम भूमिका है। प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकार पत्रकारिता के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियों में भी योगदान दे रहे हैं। मुख्य वक्ता अनुपम त्रिवेदी ने कहा कि पत्रकारिता लगातार बदलाव के दौर से गुजर रही है। सोशल मीडिया के बाद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पत्रकारिता के सामने नई चुनौती के रूप में उभरा है। इसके बावजूद पत्रकार और मीडिया संस्थानों की जिम्मेदारी कम नहीं हुई है। खबर प्रकाशित करने से पहले सभी पक्षों को जानना, तथ्यों को समझना और उनकी पुष्टि करना जरूरी है। पत्रकारिता की विश्वसनीयता और जवाबदेही ही उसे विशिष्ट बनाती है। उन्होंने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी ने अंग्रेजी शासन के दौर में पत्रकारिता के माध्यम से आजादी के आंदोलन को मजबूती दी। सामाजिक सद्भाव के लिए दिया गया उनका बलिदान हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। एनयूजेआई के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा और महामंत्री जोगेंद्र सिंह मावी ने कहा कि संगठन पत्रकारों को एकजुट कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करेगा। उन्होंने पत्रकारों से गणेश शंकर विद्यार्थी के आदर्शों पर चलने और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने का आह्वान किया। प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल ने कहा कि प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकार समाचारों के प्रकाशन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी गणेश शंकर विद्यार्थी ने पत्रकारिता के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। वरिष्ठ पत्रकार रामचंद्र कन्नौजिया और सुनील दत्त पांडे ने भी विचार रखे। समारोह में बालकृष्ण शास्त्री, राहुल वर्मा, आदेश त्यागी, विजेंद्र हर्ष, प्रतिभा वर्मा, ललितेंद्र नाथ, कुलभूषण शर्मा, राधेश्याम विद्याकुल, गुलशन नैयर, आशीष मिश्रा, केके पालीवाल, स्वरूप पुरी, संदीप रावत, अवधेश शिवपुरी, राजेंद्रनाथ गोस्वामी, श्रवण कुमार, लव कुमार, मयूर सैनी, मेहताब आलम, रोहित सिखोला, संदीप शर्मा, रामेश्वर गौड़, दीपक नौटियाल, अनिल भास्कर, रमन कुमार, नितिन राणा, सुनील पाल, तनवीर अली, संतोष कुमार, अमरीश कुमार, सुमित यश कल्याण, पुलकित मिश्रा, हरीश, रजत चौहान, रविंद्र कुमार, सचिन, विकास कुमार, मुकेश वर्मा, शैलेंद्र गोदियाल, विकास झा, शिवा अग्रवाल और मनोज खन्ना सहित अनेक पत्रकार मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, लव शर्मा, चौधरी चरण सिंह, पराग चाकलान, मृदुल कौशिक, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राव आफाक अली, कांग्रेस नेत्री अंजू द्विवेदी, विमल कुमार, संतोष चौहान, डॉ. विशाल गर्ग, अंजू मिश्रा, शशि झा, वैद्य एमआर शर्मा, जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह, मनु शिवपुरी, कमल जोशी, पूर्व सभासद अशोक शर्मा और कमल खड़का सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।











Leave a Reply