मैक्स हॉस्पिटल देहरादून के सीनियर कंसल्टेंट सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ तिवारी ने किया जटिल ऑपरेशन
अमित कुमार
हरिद्वार। मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल देहरादून के सीनियर कंसल्टेंट सर्जिकल ऑन्कोलॉजी डॉ. सौरभ तिवारी ने रेक्टम में ट्यूमर से गंभीर रूप से बीमार 58 वर्षीय मरीज का सफल ऑपरेशन कर उसे नया जीवन दिया। मरीज के रेक्टम के साथ-साथ दाईं किडनी में भी बड़ा ट्यूमर था। दोनों जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक किए जाने के बाद मरीज अब पूरी तरह स्वस्थ है और अपने परिवार के साथ सामान्य जीवन जी रहा है। प्रेस क्लब में पत्रकारों को जानकारी देते हुए डॉ. सौरभ तिवारी ने बताया कि कोटद्वार निवासी दिनेश सिंह नेगी के मलाशय (रेक्टम) में बड़ा ट्यूमर था। इसके अलावा उनकी दाईं किडनी में भी एक अलग बड़ा ट्यूमर मौजूद था। करीब 25 दिनों तक एक अन्य अस्पताल में भर्ती रहने के बावजूद मरीज की हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजन उन्हें मैक्स हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। डॉ. तिवारी ने बताया कि विस्तृत जांच के बाद चिकित्सकों को संदेह हुआ कि मरीज की गंभीर स्थिति का मुख्य कारण रेक्टम में मौजूद ट्यूमर है। इसके बाद विभिन्न विशेषज्ञों की टीम ने मरीज को सर्जरी के लिए तैयार किया। हाई-प्रोटीन डाइट, इलेक्ट्रोलाइट्स को संतुलित करने के लिए गहन उपचार और अन्य आवश्यक सहायक चिकित्सा के माध्यम से पांच दिनों तक मरीज की सावधानीपूर्वक सर्जरी-पूर्व तैयारी की गई। इसके बाद रेक्टम के ट्यूमर को निकालने के लिए जटिल सर्जरी की गई, जो सफल रही। ऑपरेशन के दो से तीन दिनों के भीतर मरीज की हालत में तेजी से सुधार होने लगा। इसके बाद उन्हें आईसीयू से वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया और करीब एक सप्ताह बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डॉ. तिवारी ने बताया कि इसके बाद अगले कुछ महीनों में मरीज की दाईं किडनी में मौजूद बड़े ट्यूमर को निकालने के लिए दूसरी बड़ी सर्जरी की गई। यह ऑपरेशन भी सफल रहा और आठ दिन बाद मरीज को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अब मरीज पूरी तरह स्वस्थ हैं और अपने पैतृक गांव में परिवार के साथ सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे हैं। डॉ. सौरभ तिवारी ने कहा कि समय पर सही जांच, सोच-समझकर बनाई गई सर्जिकल योजना और विभिन्न विशेषज्ञों के संयुक्त प्रयासों से बेहद गंभीर और हाई रिस्क मरीजों का भी सफल इलाज संभव है।












Leave a Reply