मनसा देवी चरण पादुका मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया गुरु पूर्णिमा महोत्सव
गुरु के आदर्शों पर चलना ही सच्ची साधना, उनके संस्कारों से ही राष्ट्र और समाज का निर्माण संभव : प्रदीप बत्रा, पदम सिंह
अमित कुमार
हरिद्वार। पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के समीप स्थित श्री मनसा देवी चरण पादुका मंदिर में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। प्रातःकाल से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंचे और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज का चरण पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से आरती एवं पूजन कर गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त की।
इस अवसर पर श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। गुरु ही मनुष्य को अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान, सत्य और धर्म के मार्ग पर अग्रसर करते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि अपने गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण और कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। गुरु के बताए मार्ग पर चलकर ही व्यक्ति अपने जीवन को सफल, सार्थक और उद्देश्यपूर्ण बना सकता है। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि सनातन संस्कृति में गुरु का महत्व भगवान से भी बढ़कर माना गया है। गुरु ही समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं और जीवन में नैतिक मूल्यों की स्थापना करते हैं। उन्होंने कहा कि गुरुजनों का सम्मान करना और उनके आदर्शों का अनुसरण करना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख पदम सिंह ने कहा कि गुरु भारतीय संस्कृति की आत्मा हैं। गुरु के संस्कारों और मार्गदर्शन से ही राष्ट्र एवं समाज का सशक्त निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि गुरु के आदर्शों को जीवन में आत्मसात कर व्यक्ति अपने कर्तव्यों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकता है। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन में भाग लिया तथा गुरु चरणों में पुष्प अर्पित कर सुख, समृद्धि और लोककल्याण की कामना की। इस अवसर पर महामंडलेश्वर ललितानंद गिरि, आदियोगी पुरी, महंत रवि पुरी, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख पदम सिंह, दर्जाधारी राज्य मंत्री नितिन गौतम, शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिला महामंत्री संजीव चौधरी, हीरा बिष्ट, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अभिनव चौहान, जिला उपाध्यक्ष भोला शर्मा, जेल अधीक्षक मनोज आर्या, अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, डीएसपी भावना कैंथोला, एसएमजेएन पीजी कॉलेज एवं रामानंद इंस्टीट्यूट के शिक्षक-छात्रों सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।












Leave a Reply