हुनर परिषद से अल्पसंख्यकों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ेंगे : मुफ्ती शमून कासमी

Spread the love

कौशल प्रशिक्षण, स्वरोजगार और शिक्षा के जरिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर

अमित कुमार

हरिद्वार। उत्तराखंड अल्पसंख्यक हुनर परिषद के अध्यक्ष मुफ्ती शमून कासमी ने कहा कि परिषद शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से अल्पसंख्यक समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम करेगी। युवाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें स्वरोजगार और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना परिषद की प्राथमिकता होगी। आज प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए मुफ्ती शमून कासमी ने कहा कि परिषद के माध्यम से अल्पसंख्यक समाज के लोगों को कारपेंटरी, कढ़ाई-बुनाई, राजमिस्त्री सहित विभिन्न व्यवसायों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे लोगों को अपने हुनर को निखारने, आत्मनिर्भर बनने और आजीविका के नए अवसर हासिल करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि हुनर परिषद का गठन कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से विशेष रूप से मुस्लिम समाज के युवाओं को नई दिशा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में परिषद की योजनाओं से अल्पसंख्यक समाज के लोगों को लाभ मिलेगा और वे विकास की मुख्यधारा में अपनी भागीदारी मजबूत करेंगे। मुफ्ती शमून कासमी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अल्पसंख्यक समाज को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कदम उठा रहे हैं। उन्होंने समाज के लोगों से किसी के बहकावे में न आने और शिक्षा, कौशल विकास तथा रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने देश और प्रदेशवासियों को नवरात्र और दशहरे की शुभकामनाएं भी दीं। प्रेस वार्ता के दौरान गुलाम साबिर ने मुफ्ती शमून कासमी का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *