कैबिनेट बैठक की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, डीएम ने परखी जमीनी हकीकत

Spread the love

एनएचपीसी बनबसा में 4 अक्टूबर को प्रस्तावित बैठक को लेकर अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश

सड़क, पार्किंग, यातायात और साइनेज व्यवस्था का लिया जायजा, मौसम को देखते हुए वैकल्पिक इंतजाम तैयार रखने को कहा

रमेश राम

चम्पावत। एनएचपीसी बनबसा में आगामी 4 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित कैबिनेट बैठक को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने एनएचपीसी सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने विभागवार सौंपे गए दायित्वों की प्रगति जानी और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। बैठक के बाद उन्होंने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल से सड़क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सड़क की स्थिति, आवागमन, यातायात प्रबंधन, पार्किंग और साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क मार्ग पर आवश्यक सुधार कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने तथा प्रमुख स्थानों और मार्गों पर पर्याप्त साइनेज लगाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान आवागमन सुगम और व्यवस्थित रहे, इसके लिए पहले से ही सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। इसके बाद जिलाधिकारी ने एनएचपीसी परिसर में प्रस्तावित बैठक स्थल और आसपास की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश देते हुए मौसम की संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी तैयार रखने को कहा। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, एपीडी विम्मी जोशी, उप जिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार, डीईएसटीओ दीपकीर्ति तिवारी, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल विजय कुमार सकारिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *