खबर की रफ्तार बढ़ी तो जिम्मेदारी भी बढ़ी

Spread the love

गौचर में भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ का जनपदीय सम्मेलन, पत्रकारों के लिए कार्यालय को भूमि दिलाने का भरोसा

एस. गुप्ता

गौचर। डिजिटल दौर ने पत्रकारिता की रफ्तार बेशक कई गुना बढ़ा दी है, लेकिन खबर को सबसे पहले पहुंचाने की होड़ के बीच तथ्य और विश्वसनीयता बनाए रखना पत्रकारों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। मोबाइल और सोशल मीडिया के दौर में कोई भी सूचना पलभर में हजारों लोगों तक पहुंच जाती है। ऐसे में खबर प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पुष्टि और स्रोतों की विश्वसनीयता सुनिश्चित करना जरूरी है। यह बात कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने शुक्रवार को गौचर में आयोजित भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के जनपदीय सम्मेलन में कही। ‘पत्रकारिता में डिजिटल की भूमिका’ विषय पर आयोजित सम्मेलन में डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, सोशल मीडिया से सामने आई नई चुनौतियों, स्थानीय पत्रकारों की समस्याओं और पत्रकारों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर मंथन हुआ। पत्रकारों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए पहाड़ी क्षेत्रों में सीमित संसाधनों के बीच पत्रकारिता करने की चुनौतियां सामने रखीं।

पत्रकारों के लिए कार्यालय की मांग पर मिला भरोसा

सम्मेलन में गौचर क्षेत्र के पत्रकारों के लिए स्थायी कार्यालय की मांग प्रमुखता से उठी। पत्रकारों ने कहा कि समाचार संकलन, बैठक और अन्य पत्रकारिता गतिविधियों के लिए उपयुक्त स्थान नहीं होने से उन्हें परेशानी होती है। नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी ने कहा कि नगर क्षेत्र में पत्रकारों के लिए कार्यालय की व्यवस्था की दिशा में प्रयास किया जाएगा। वहीं, एसडीएम कर्णप्रयाग अलकेश नौडियाल ने कार्यालय के लिए भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में जल्द आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। विधायक अनिल नौटियाल ने भी इस पहल में सहयोग का भरोसा दिलाया।

अपुष्ट खबरों की चुनौती भी बढ़ी

वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म ने पत्रकारिता के लिए नए अवसर पैदा किए हैं, लेकिन इसके साथ अपुष्ट सूचनाओं और भ्रामक खबरों की चुनौती भी बढ़ी है। पत्रकारों को खबर की पुष्टि, विश्वसनीय स्रोतों और भाषा की मर्यादा का विशेष ध्यान रखना होगा। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं को सामने लाने में स्थानीय पत्रकारों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया गया। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में पत्रकार सीमित संसाधनों के बीच सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, रोजगार और अन्य जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। पत्रकारों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से संबंधित स्तर तक पहुंचाने और समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया गया।

संगठन की मजबूती और जनसरोकारों पर जोर

कार्यक्रम में संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री ने अध्यक्षता की, जबकि राष्ट्रीय महासचिव गिरिधर शर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी और एसडीएम अलकेश नौडियाल विशिष्ट अतिथि रहे। जिला अध्यक्ष दिगपाल गुसाईं और जिला महामंत्री खुशाल सिंह असवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं संघ पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम संयोजक लक्ष्मण सिंह रावत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सम्मेलन के उद्देश्य और संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी। सम्मेलन के समापन पर पत्रकारिता में आपसी समन्वय मजबूत करने, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने तथा डिजिटल पत्रकारिता के दौर में तथ्य, निष्पक्षता और विश्वसनीयता के मूल्यों को कायम रखने का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *