आम महोत्सव में मुख्यमंत्री धामी ने शुरू किया ‘बीज संजीवनी अभियान’
एस. गुप्ता
हरिद्वार। आम महोत्सव कार्यक्रम के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरित उत्तराखंड के निर्माण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘बीज संजीवनी अभियान’ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने आम, जामुन, कटहल, नीम एवं बेल के बीज रोपित कर अभियान की शुरुआत की और प्रदेशवासियों से इसमें सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि आम, जामुन, कटहल, बेल अथवा अन्य फलों का सेवन करने के बाद उनके बीजों को फेंकने के बजाय सुरक्षित स्थानों पर रोपित करें, ताकि भविष्य में अधिक से अधिक वृक्ष तैयार हो सकें।
हरिद्वार से शुरू हुआ अभियान बनेगा जनआंदोलन
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘बीज संजीवनी अभियान’ की शुरुआत हरिद्वार से की गई है और इसे पूरे प्रदेश में जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। अभियान के माध्यम से प्राकृतिक रूप से अधिक से अधिक पौधों का विकास होगा। इससे पर्यावरण संतुलन, जैव विविधता संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार को बढ़ावा मिलेगा।उन्होंने कहा कि अभियान से ‘हरित हरिद्वार’ अभियान को भी नई गति मिलेगी। बीजों के रोपण की यह छोटी-सी पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और हरित वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। मुख्यमंत्री ने युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों और विभिन्न संस्थाओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने तथा अधिक से अधिक बीज रोपित कर उत्तराखंड को हरा-भरा बनाने में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहभागिता से संचालित ‘बीज संजीवनी अभियान’ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रभावी जनआंदोलन का रूप लेगा।












Leave a Reply