CBOA और AIBOC उत्तराखंड ने पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प, स्व. विपिन कुमार की स्मृति में भी किया पौधरोपण
अमित कुमार
देहरादून। उत्तराखंड के पवित्र हरेला पर्व के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से केनरा बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (CBOA) एवं ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कन्फेडरेशन (AIBOC), उत्तराखंड इकाई की ओर से लच्छीवाला नेचर पार्क में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान में केनरा बैंक के देहरादून एवं हरिद्वार क्षेत्र से बड़ी संख्या में अधिकारियों के साथ AIBOC के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतिभागियों ने पौधरोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती शीबा सहाजन, महाप्रबंधक, केनरा बैंक रहीं। इस दौरान क्षेत्रीय कार्यालय देहरादून एवं हरिद्वार के वरिष्ठ अधिकारी एम. गांधी, शिशिर कुमार एवं एस.वी.के. रेड्डी भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने वृक्षारोपण अभियान की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए इस तरह के प्रयासों को लगातार जारी रखने का आह्वान किया। अभियान का आयोजन CBOA उत्तराखंड के अध्यक्ष शार्दुल धौंडियाल के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और संगठन का सामाजिक दायित्व है। उन्होंने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण पर भी जोर दिया। इस अवसर पर AIBOC उत्तराखंड के सचिव इंद्र सिंह रावत ने उपस्थित सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास समय की आवश्यकता हैं।
उन्होंने हरेला पर्व को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का संदेश देने वाला पर्व बताया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रजातियों के 100 से अधिक पौधों का रोपण किया गया। साथ ही केनरा बैंक के प्रबंधक स्वर्गीय श्री विपिन कुमार की स्मृति में उनकी समर्पित सेवाओं एवं अमूल्य योगदान को श्रद्धांजलि स्वरूप विशेष पौधा रोपित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्रीमती अंकिता कंडारी, अनुज भट्ट, मयंक तिवारी एवं विनय नैथानी सहित अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सहयोग और बेहतर समन्वय से अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने रोपित पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित किया जाए। CBOA एवं AIBOC उत्तराखंड का यह अभियान पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का संदेश देता नजर आया।












Leave a Reply