ओबीसी समाज की उपेक्षा कर रही भाजपा सरकार : कंवरदीप सैनी

Spread the love

नौकरियों में ओबीसी आरक्षण के रिक्त पदों को भरने की मांग, आलोक शर्मा ने केंद्र व राज्य सरकार को घेरा

अमित कुमार 

हरिद्वार। शिवालिक नगर स्थित एक बैंक्वेट हॉल में कांग्रेस ओबीसी विभाग के ग्रामीण जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा के नेतृत्व और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता संजय सैनी के संयोजन में ओबीसी समाज का स्वागत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रभारी कंवरदीप सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। ओबीसी समाज के लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर, महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले को श्रद्धासुमन अर्पित करने तथा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान कंवरदीप सैनी ने जातिगत जनगणना को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जातिगत जनगणना के फॉर्म में ओबीसी के लिए अलग से कॉलम नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि फॉर्म में विभिन्न जातियों का उल्लेख है, लेकिन ओबीसी समाज का स्पष्ट रूप से कहीं जिक्र नहीं है। उन्होंने इसे भाजपा सरकार की मानसिकता बताते हुए कहा कि ओबीसी समाज की उपेक्षा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर अपनी आपत्ति और सुझाव दिए हैं। उन्होंने मांग की है कि जातिगत जनगणना में ओबीसी समाज को उचित स्थान और सम्मान दिया जाए। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं को ओबीसी समाज से आने वाला बताते हैं और विभिन्न मंचों पर ओबीसी समाज की बात करते हैं, लेकिन जातिगत जनगणना के फॉर्म में ओबीसी समाज को उचित स्थान नहीं दिया जाना चिंता का विषय है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से केंद्रीय एवं राजकीय नौकरियों में ओबीसी समाज के लिए निर्धारित आरक्षण के अनुरूप पर्याप्त पद उपलब्ध कराने तथा लंबे समय से रिक्त पदों को भरने की मांग की। आलोक शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार के विभिन्न विभागों में ओबीसी आरक्षण के तहत कई पद रिक्त पड़े हैं, लेकिन उन्हें भरने की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। आलोक शर्मा ने कहा कि आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में ओबीसी समाज भाजपा सरकार की नीतियों का पुरजोर विरोध करेगा और कांग्रेस को समर्थन देकर सत्ता में लाने का काम करेगा। समारोह का संचालन वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने किया। इस अवसर पर हरिद्वार कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह, कांग्रेस ओबीसी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. गौरव चौधरी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी, अनिल चौधरी, विनोद कश्यप, नंद लाल यादव सहित ओबीसी समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *