प्रो. ताज अनवर के निधन से मिर्जा गालिब कॉलेज में शोक की लहर
पी.के.गुप्ता
गयाजी। शहर के प्रतिष्ठित मिर्जा गालिब कॉलेज के उर्दू विभाग के प्रथम शिक्षक एवं उर्दू भाषा-साहित्य के प्रतिष्ठित विद्वान प्रो. ताज अनवर का शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे दिल्ली स्थित होली फैमिली अस्पताल में निधन हो गया। वह पिछले कई दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। प्रो. ताज अनवर ने उर्दू भाषा और साहित्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने उर्दू में कई पुस्तकों की रचना की तथा विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में शोधपरक आलेख प्रकाशित किए। वह गया से प्रकाशित एक उर्दू पत्रिका के प्रधान संपादक भी रहे। अपने सरल, सौम्य और मिलनसार व्यक्तित्व के कारण प्रो. ताज अनवर विद्यार्थियों और सहकर्मियों के बीच बेहद लोकप्रिय थे। उनके उत्कृष्ट अध्यापन कौशल की आज भी सराहना की जाती है। उनके निधन की सूचना मिलते ही मिर्जा गालिब कॉलेज परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। कॉलेज परिसर में शोकसभा आयोजित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दुआ की गई। साथ ही, शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई। शोकसभा को संबोधित करते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मो. अली हुसैन ने प्रो. ताज अनवर के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उन्हें संस्थान की अमूल्य धरोहर बताया। उर्दू विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अकरम वारिस ने उनके साहित्यिक योगदान और व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रो. ताज अनवर के निधन से उर्दू साहित्य जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। शोकसभा में प्राचार्य डॉ. मो. अली हुसैन सहित कॉलेज के सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply