26-27 सितंबर को प्रदेश में मौसम का अलर्ट, सीएम धामी ने पर्यटकों से भी संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की
एस. कुमार
देहरादून। 26 और 27 सितंबर को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मौसम विभाग के रेड अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेड अलर्ट की अवधि में अनावश्यक यात्रा से बचें और बेहद जरूरी होने पर ही मौसम व सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद यात्रा करें। पर्यटकों को भूस्खलन संभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने तथा स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
नदी-नालों से दूरी, तेज बहाव में न उतरें
मुख्यमंत्री ने भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, गाड़-गदेरों, बरसाती धाराओं और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि तेज बहाव में प्रवेश करने का प्रयास न करें। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए संवेदनशील सड़कों और स्थानों पर अतिरिक्त सावधानी बरतें। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नदी-नालों और अन्य जोखिम वाले स्थानों से दूर रखने की अपील भी की।
जिलाधिकारी 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहें
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को 24×7 अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी के साथ राहत एवं बचाव की सभी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त रखने को कहा गया है। राहत-बचाव दलों, आवश्यक उपकरणों, जेसीबी और अन्य मशीनरी को रणनीतिक स्थानों पर तैयार रखने तथा सभी संबंधित विभागों के बीच लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आपदा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
चारधाम मार्ग और पर्यटन स्थलों पर नजर
मुख्यमंत्री ने नदी-नालों के जलस्तर, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, पर्वतीय मार्गों, चारधाम यात्रा मार्गों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर लगातार निगरानी रखने को कहा है। आवश्यकता पड़ने पर संवेदनशील क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था भी पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेशवासियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। उन्होंने आमजन से घबराने के बजाय सतर्क रहने और मौसम विभाग व जिला प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने की अपील की। आपात स्थिति में प्रशासन को तत्काल सूचना देने तथा स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने को कहा।











Leave a Reply