जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने लगाया बहुउद्देश्यीय शिविर, ग्रामीणों की समस्याओं पर हुई चर्चा
अमित कुमार
हरिद्वार। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की ओर से वन आश्रित समुदायों के लिए गठित ग्राम सभा और वन अधिकार समिति के सहयोग से सेला पर्व मनाया गया। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष न्यायाधीश नरेंद्र दत्त के आदेशानुसार वन गुर्जर बस्तियों तपड़ोवाली तारबाड़ गुर्जर खत्ता और गुजराड़ा गैंडीखाता के निकट चिड़ियापुर रेंज, श्यामपुर में पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सिमरनजीत कौर रहीं। उन्होंने वन गुर्जर बस्तियों के लोगों के साथ पौधारोपण कर सेला पर्व मनाया। इस अवसर पर बहुउद्देश्यीय शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में वन गुर्जर बस्तियों की समस्याओं के समाधान के लिए समाज कल्याण विभाग, बहादराबाद ब्लॉक, जिला बाल कल्याण समिति और वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। वन गुर्जर ट्राइबल युवा संगठन की ओर से विधिक सहायता से संबंधित समस्याओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों के ज्ञापन और आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को पत्र भेजने का आश्वासन दिया। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यों और निःशुल्क उपलब्ध विधिक सहायता के संबंध में भी लोगों को जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में भी जागरूक किया। कार्यक्रम के बाद श्रीराम आश्रम, श्यामपुर में स्थापित बाल गृह और थाना श्यामपुर में स्थापित विधिक सहायता केंद्र का निरीक्षण किया गया। व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकार मित्र को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में गैंडीखाता, तपड़ोवाली तारबाड़ गुर्जर खत्ता और गुजराड़ा गैंडीखाता सहित विभिन्न वन गुर्जर बस्तियों के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग की उप जिला समाज कल्याण अधिकारी ममता, जिला बाल कल्याण समिति के सदस्य, वन विभाग के कर्मचारी और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के लॉ इंटर्न भी मौजूद रहे।












Leave a Reply