श्री झूलेलाल चालीसा महोत्सव में भक्ति और उल्लास की छटा

Spread the love

बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, जयकारों और आतिशबाजी से गूंजा मंदिर परिसर

आर.के.जोशी

सूरतगढ़। श्री झूलेलाल मंदिर में आयोजित 40 दिवसीय श्री झूलेलाल चालीसा महोत्सव में भक्ति, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों का अनूठा संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। सिन्धी समाज युवा मीडिया प्रभारी रवि रिझवानी ने बताया कि महोत्सव के प्रथम शुक्रवार की शुरुआत बच्चों के विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्री झूलेलाल के स्वरूप में आकर्षक वेशभूषा धारण कर मंदिर में प्रवेश किया। उनके आगमन पर मंदिर परिसर “आयोलाल झूलेलाल” के जयकारों, आतिशबाजी और उल्लासपूर्ण माहौल से गूंज उठा। मीनाक्षी मोरवानी ने बताया कि भगवान झूलेलाल का स्वरूप धारण किए बच्चों का सिंधी समाज के लोगों ने आत्मीयता और श्रद्धा के साथ भव्य स्वागत किया। इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक संध्या में बच्चों ने सिंधी लोकगीतों और भजनों पर आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। सिन्धी पंचायत के अध्यक्ष श्रवणकुमार गुरनाणी और मंत्री अशोक वासवानी ने बताया कि चालीसा महोत्सव के दौरान प्रत्येक शुक्रवार को विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी धर्मप्रेमियों से 40 दिवसीय श्री झूलेलाल चालीसा महोत्सव के विभिन्न आयोजनों में शामिल होकर धार्मिक पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *