श्मशान में शवों से छेड़छाड़ पर संत समाज में उबाल

Spread the love

महंत हरि गिरि बोले—अघोर साधना के नाम पर सनातन को बदनाम करने की साजिश, ऐसे कृत्य अघोर परंपरा में भी नहीं

अखाड़ा परिषद की शिकायत पर जीवाजीगंज पुलिस ने दर्ज किया केस, संतों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की

अमित कुमार

हरिद्वार। उज्जैन के श्मशान घाट में शवों के साथ कथित छेड़छाड़ और मांस भक्षण से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद संत समाज में आक्रोश फैल गया। मामले में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के हस्तक्षेप के बाद जीवाजीगंज पुलिस ने कथित किन्नर तांत्रिक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब वायरल वीडियो की सत्यता, आरोपी की पहचान और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। वायरल वीडियो में अघोरी वेशधारी एक व्यक्ति श्मशान घाट में शवों के साथ आपत्तिजनक कृत्य करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद संत समाज ने इसे सनातन परंपरा और साधु-संतों की मर्यादा के विरुद्ध बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

अघोर साधना को बदनाम करने का प्रयास : हरि गिरि

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री एवं श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने मामले को गंभीर बताते हुए उज्जैन के पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। महंत हरि गिरि महाराज ने कहा कि कथित तांत्रिक द्वारा किया गया कृत्य सनातन परंपरा का घोर अपमान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वास्तविक अघोर साधना का शवों से इस तरह की छेड़छाड़ अथवा मांस भक्षण जैसे कृत्यों से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि अघोर साधना कठोर तपस्या और आध्यात्मिक साधना की परंपरा है।उन्होंने कहा कि साधु-संतों का भेष धारण कर सनातन परंपरा को बदनाम करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। ऐसे लोगों की वजह से वास्तविक साधु-संतों और अघोर परंपरा को लेकर समाज में गलत संदेश जाता है।

अखाड़ा परिषद अध्यक्ष ने एसपी से की बात

मामले को लेकर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष डॉ. रविंद्र पुरी महाराज ने हरिद्वार से उज्जैन के पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा से फोन पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि साधु-संतों का भेष बनाकर इस प्रकार के कृत्य करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने इसे कानून व्यवस्था के साथ-साथ करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं से जुड़ा गंभीर मामला बताया।

शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण

अखाड़ा परिषद की शिकायत और संत समाज की मांग के बाद उज्जैन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जीवाजीगंज थाने में कथित आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। एसपी प्रदीप शर्मा ने अखाड़ा परिषद अध्यक्ष डॉ. रविंद्र पुरी महाराज को इसकी जानकारी दी और बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता, उसमें दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। वहीं, अखाड़ा परिषद ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *