डबल इंजन सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा : धामी

Spread the love

भगवानपुर से ‘समरसता संकल्प अभियान’ का शुभारंभ

सीएम धामी बोले—जन्म नहीं, श्रेष्ठ कर्म बनाते हैं व्यक्ति को महान; संत रविदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान

अमित कुमार

हरिद्वार। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर भगवानपुर के चुड़ियाला में आयोजित कलश बंधन महारैली से ‘समरसता संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संत रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना कर कलश यात्रा का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं सिर पर कलश रखकर यात्रा में सहभागिता की और कार्यक्रम स्थल सीएमडी इंटर कॉलेज पहुंचे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कलश मंगल, शुभारंभ और समृद्धि का प्रतीक है। समरसता संकल्प अभियान का उद्देश्य संत रविदास जी के समानता, समरसता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास जी ने सामाजिक विषमता के दौर में प्रेम, समानता और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने समाज को सिखाया कि कोई व्यक्ति जन्म से बड़ा नहीं होता, बल्कि अपने श्रेष्ठ कर्म और मानव सेवा से महान बनता है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज से भेदभाव समाप्त नहीं होगा, तब तक सशक्त और समरस राष्ट्र का निर्माण संभव नहीं है।

‘अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ’

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र पर कार्य कर रही है। उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब, दलित, वंचित और जरूरतमंद परिवारों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं संत रविदास जी के समरस समाज के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

भगवानपुर में करोड़ों की विकास परियोजनाओं का उल्लेख

मुख्यमंत्री धामी ने भगवानपुर क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि बहादुरपुर-सोनाली क्षेत्र में करीब 12 करोड़ रुपये के बाढ़ सुरक्षा कार्य, लगभग 3 करोड़ रुपये से झील का सौंदर्यीकरण, 49 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक विद्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट तथा करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से नवीन तहसील भवन का निर्माण कराया गया है। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में सड़क, संपर्क मार्ग, सीसी रोड और हाईमास्ट लाइट सहित विभिन्न विकास परियोजनाएं भी पूरी की गई हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से संत रविदास जी के विचारों को जीवन में आत्मसात करने तथा सामाजिक सद्भाव एवं जनभागीदारी के माध्यम से भेदभावमुक्त और समरस समाज के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

‘महापुरुषों के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत’

  कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि महापुरुषों के विचारों और उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समझा है। उन्होंने बताया कि संत रविदास जी की जन्मस्थली काशी के गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी को कलश यात्राओं के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में समरसता संकल्प यात्रा का शुभारंभ किया गया है, जिसका उद्देश्य संत रविदास जी के समानता, समरसता और मानवता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। संत स्वामी निर्मलदास ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सराहना करते हुए कहा कि वे प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मनुष्य को सदैव परमेश्वर के बताए मार्ग पर चलना चाहिए और अपने कर्मों के प्रति सजग रहना चाहिए। सभी जिलों के भाजपा जिलाध्यक्षों को सौंपे कलश कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समरसता संकल्प अभियान को प्रदेश के सभी जिलों में संचालित करने के लिए भाजपा के सभी जिलाध्यक्षों को कलश प्रदान किए। इसके माध्यम से संत रविदास जी के संदेश को प्रदेशभर में पहुंचाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर साध्वी संतोष रानी, संत सतपाल दास, संत 108 रोशनी दास, महंत बंटी दास, संत पिरुमल दास, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिद्वार आशुतोष शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष रुड़की मधु सिंह, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, अजीत चौधरी, आदेश सैनी, श्यामवीर सैनी, जिला प्रभारी आदित्य चौहान, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष बलबीर धुनियाल, पूर्व विधायक मीना गंगोला, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा मास्टर सत्यपाल, सागर गोयल, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह, रवींद्र कटियार सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सचिव विनय शंकर पांडे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, एसपी देहात शेखर सुयाल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, उप जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए भाजपा जिलाध्यक्ष एवं मंडल अध्यक्ष भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *