कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के नेतृत्व में गूंजा ‘भारत माता की जय’, युवाओं ने दिखाया राष्ट्रभक्ति का उत्साह
अमित कुमार
हरिद्वार। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक मदन कौशिक के नेतृत्व में हरिद्वार में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। आर्य नगर चौक से शुरू हुई यात्रा चंद्राचार्य चौक पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं, एनसीसी कैडेटों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगा यात्रा का मुख्य आकर्षण 180 फीट लंबा तिरंगा रहा, जिसे एनसीसी कैडेट हाथों में लेकर भारत माता के जयघोष के साथ आगे बढ़े। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष से गूंज उठा। हाथों में तिरंगा लिए युवाओं और नागरिकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के गौरव, स्वाभिमान, एकता और वीरता का प्रतीक है। देश की आजादी के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। आज प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अमर बलिदानियों के सपनों के भारत के निर्माण में अपना योगदान दे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता, विकास और राष्ट्र गौरव की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है।
तिरंगा यात्रा का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना तथा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को सशक्त बनाना है। हरिद्वार नगर निगम की महापौर किरण जैसल ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तिरंगा देश की शान है। हजारों क्रांतिकारियों ने तिरंगे को अपने सीने से लगाकर देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते प्राणों का बलिदान दिया। ऐसे में तिरंगा यात्रा प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का अवसर है। उन्होंने कहा कि देश आजादी के उन गौरवशाली क्षणों और अमर बलिदानियों को याद करते हुए उन्हें नमन कर रहा है। यात्रा में युवाओं का उत्साह इस बात का प्रतीक है कि देश के अमर जवान आज भी हर भारतीय के दिल में जीवित हैं। यात्रा में शामिल लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और देश की एकता-अखंडता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
तिरंगा यात्रा में पूर्व जिला अध्यक्ष संदीप गोयल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अभिनव चौहान, कार्यक्रम संयोजक लव शर्मा, दीपांशु विद्यार्थी, राजकुमार अरोड़ा, अन्नू कक्कड़, सुभाष चंद्र, सांसद प्रतिनिधि अनिल पुरी, तरुण नय्यर, अनिमेष शर्मा, तुषांक भट्ट, किशन बजाज, आशु चौधरी, विकास प्रधान, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रीति गुप्ता, देवेश ममगई, पारुल चौहान, करण वर्मा, निकुंज शर्मा, अंकित रघुवंशी, नवीन तेश्वर, सत्यनारायण शर्मा, मोनिका सैनी, निशा नोडियाल, राकेश नोडियाल, भोला शर्मा, सुमित लखेड़ा, अर्श नय्यर, कपिल बालियान, सूरज भारद्वाज, मुकुल भारद्वाज, लवी चौहान, उमेश पाठक, रेशु चौहान, हरजीत सिंह, मृदुल कौशिक, सुनील सेठी और सुरेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।












Leave a Reply