‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत निकली भव्य रैली, जवानों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
सामूहिक राष्ट्रगीत से मजबूत हुआ राष्ट्रीय गौरव और एकता का भाव, राष्ट्रध्वज के सम्मान एवं नागरिक कर्तव्य का दिया संदेश
पी. के. गुप्ता
गयाजी। स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के तहत 205 कोबरा परिसर में आज राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं जन-जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। 7 से 15 अगस्त तक चल रहे ‘वंदे मातरम्’ विषय आधारित कार्यक्रमों की कड़ी में आयोजित कार्यक्रम में जवानों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट 205 कोबरा नरेश पंवार, द्वितीय कमान अधिकारी अखिलेश कुमार यादव एवं अजीत कुमार के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में किया गया। इस दौरान वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों के साथ केंद्रीय विद्यालय, 205 कोबरा के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा आसपास के ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम की शुरुआत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुई। अधिकारियों, जवानों, विद्यार्थियों और शिक्षकों ने एक साथ स्वर मिलाकर राष्ट्रगीत प्रस्तुत किया। सामूहिक गायन से पूरे परिसर में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना का संचार हुआ। इसके बाद भारत सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा रैली निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर अधिकारियों, जवानों, केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साह के साथ रैली में हिस्सा लिया। रैली के माध्यम से लोगों को तिरंगे के सम्मान, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और देश के प्रति अपने नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। तिरंगा रैली के दौरान प्रतिभागियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। राष्ट्रीय ध्वज के साथ निकली रैली से 205 कोबरा परिसर और आसपास का क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम में राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रप्रेम और नागरिक सहभागिता को मजबूत करने का संदेश दिया गया। 205 कोबरा की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाने के साथ-साथ आमजन, युवाओं और विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना रहा। अधिकारियों, जवानों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को भव्य, गरिमामय एवं प्रभावशाली बना दिया।












Leave a Reply