30 साल की तपस्या रंग लाई, प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया में पहुंची एसोसिएशन की आवाज

Spread the love

अखिल भारतीय समाचारपत्र एसोसिएशन के तीन सदस्यों का पीसीआई में चयन, छोटे-मझोले समाचार पत्रों की जीत 

अमित गुप्ता

हरिद्वार/देहरादून। अखिल भारतीय समाचारपत्र एसोसिएशन के दिवंगत राष्ट्रीय अध्यक्ष स्व. अखिलेश चन्द्र शुक्ल के तीन दशक लंबे संघर्ष और छोटे-मझोले समाचार पत्रों की आवाज को राष्ट्रीय मंच देने का सपना आखिरकार साकार हो गया। एसोसिएशन से जुड़े तीन सदस्यों का प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई) में सदस्य के रूप में चयन होने से समाचार पत्र जगत में खुशी की लहर है। संगठन ने इसे स्व. शुक्ल के संघर्ष और दूरदर्शिता को सच्ची श्रद्धांजलि बताया है। पीसीआई के लिए चयनित सदस्यों में एसोसिएशन के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद वाजपेयी, अपर्णा शुक्ला तथा राज परवाना/नरेंद्र सिंह के नाम शामिल हैं। संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सभी नवनियुक्त सदस्यों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि अब छोटे और मझोले समाचार पत्रों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया जा सकेगा।

तीन दशक के संघर्ष को मिली बड़ी पहचान

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि स्व. अखिलेश चन्द्र शुक्ल ने लगभग 30 वर्षों तक विपरीत परिस्थितियों के बीच छोटे एवं मझोले समाचार पत्रों के हितों के लिए संघर्ष किया। संगठन को राष्ट्रीय पहचान दिलाने और समाचार पत्रों की समस्याओं को एकजुट होकर उठाने का उनका प्रयास आज एक बड़े मुकाम पर पहुंचा है। सदस्यों ने स्व. शुक्ल को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने जिस संगठन को अपने खून-पसीने से सींचा, आज वही संगठन राष्ट्रीय स्तर पर छोटे समाचार पत्रों की आवाज बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उत्तराखंड इकाई ने दी बधाई

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अखिल भारतीय समाचारपत्र एसोसिएशन की उत्तराखंड इकाई की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अमित कुमार शर्मा ने की। उन्होंने पीसीआई के लिए चयनित सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उत्तराखंड समेत देशभर के क्षेत्रीय पत्रकारों और छोटे समाचार पत्रों का मनोबल बढ़ाने वाली है। प्रदेश महामंत्री राजकमल गोयल ने बैठक का संचालन करते हुए कहा कि तीन दशक तक विपरीत परिस्थितियों के बावजूद संगठन को मजबूत बनाए रखना और उसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना स्व. अखिलेश चन्द्र शुक्ल के संघर्ष और समर्पण का परिणाम है।बैठक में कोषाध्यक्ष विवेक शर्मा, जतिन शर्मा, देवेंद्र जौहरी, रविन्द्र सिंह, श्रवण अरोड़ा, दिगम्बर उपाध्याय, सूर्यकांत बेलवाल, अंचल पंत, शैलेन्द्र सिंह, विकास तिवारी, संजय संतोषी और सचिन पालीवाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। सभी ने नवनियुक्त पीसीआई सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए स्व. अखिलेश चन्द्र शुक्ल को श्रद्धांजलि अर्पित की। सदस्यों ने कहा कि पीसीआई में एसोसिएशन के प्रतिनिधियों की मौजूदगी से छोटे समाचार पत्रों की समस्याओं, विज्ञापन, मान्यता, पत्रकार हित और अन्य मुद्दों को राष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से उठाने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *