जैसलमेर-हनुमानगढ़-बठिंडा सीधी रेल सेवा की मांग, रेल यात्री वेलफेयर एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन

Spread the love

आर. के. जोशी

हनुमानगढ़। आगामी रामदेवरा एवं गोगामेड़ी मेलों में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जैसलमेर-रामदेवरा-हनुमानगढ़-बठिंडा के बीच सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग उठी है। जिला रेल यात्री वेलफेयर एसोसिएशन, हनुमानगढ़ के पदाधिकारियों ने इस संबंध में ZRUCC सदस्य जगदीश शर्मा को ज्ञापन सौंपा। जगदीश शर्मा हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें ज्ञापन देकर यात्रियों की समस्याओं से अवगत कराया। इसके अतिरिक्त उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक के नाम एक ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक को भी सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि जैसलमेर और रामदेवरा से हनुमानगढ़-बठिंडा के लिए वर्तमान में कोई सीधी रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध नहीं है, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से रामदेवरा मेले के दौरान श्रद्धालुओं को हनुमानगढ़ से लगभग 227 किलोमीटर दूर लालगढ़ जंक्शन जाकर कनेक्टिंग ट्रेन पकड़नी पड़ती है। वापसी यात्रा के लिए भी यात्रियों को प्रायः बसों पर निर्भर रहना पड़ता है। एसोसिएशन ने गाड़ी संख्या 14709/14710 हनुमानगढ़-जयपुर एक्सप्रेस के हनुमानगढ़ स्टेशन पर 19 घंटे के लंबे ठहराव का उपयोग करते हुए हनुमानगढ़ से रामदेवरा तक मेला स्पेशल रेल सेवा संचालित करने का सुझाव भी दिया है। ज्ञापन में कहा गया कि हनुमानगढ़ के अलावा नोहर, भादरा, ऐलनाबाद, सिरसा, पल्लू, रावतसर, सरदारशहर, सादुलशहर, मंडी डबवाली और संगरिया सहित लगभग 100 किलोमीटर के दायरे में आने वाले क्षेत्रों के यात्रियों को भी इस रेल सेवा का लाभ मिलेगा।इसके साथ ही गोगामेड़ी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश से गोगामेड़ी होते हुए हनुमानगढ़ तक सीधी रेल सेवा तथा जयपुर (खातीपुरा) से दौसा, राजगढ़, अलवर, खैरथल, रेवाड़ी, लोहारू, सादुलपुर, भादरा और गोगामेड़ी मार्ग से मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन की भी मांग की गई। ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में जिला रेल यात्री वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष विशु वर्मा, सचिव नारायण अग्रवाल, महासचिव राजीव मिश्रा तथा उपसचिव कपिल अग्रवाल शामिल रहे। एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *