तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह संपन्न, कोच और खिलाड़ियों का सम्मान
‘खेलो इंडिया’ खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए कर रहा प्रोत्साहित, युवाओं से स्वामी विवेकानंद के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान: आदेशचौहान
अमित गुप्ता
हरिद्वार। डिस्टि्रक्ट वुशु एसोसिएशन, डायनेमिक स्पोर्ट्स एकेडमी मिस्सरपुर और जन अधिकार अभियान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। समारोह में प्रसिद्ध राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया गया। समारोह के दौरान फुटबॉल, एथलेटिक्स, वुशु, जूडो-कराटे और क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों, खेल शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रानीपुर विधायक आदेश चौहान रहे, जबकि अध्यक्षता समाजसेवी जगदीश लाल पाहवा ने की। विशिष्ट अतिथि समाजसेवी एवं बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राधिका नागरथ ने किया तथा आरती सैनी ने आभार व्यक्त किया।
खेल युवाओं के आत्मविश्वास और मानसिक विकास का माध्यम : आदेश चौहान
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विधायक आदेश चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहा ‘खेलो इंडिया’ अभियान खिलाड़ियों को बेहतर स्तर तक पहुंचने और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और मानसिक विकास के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया जैसी खेल के प्रति निष्ठा और समर्पण की भावना विकसित करने का आह्वान किया। चौहान ने कहा कि उत्तराखंड राज्य बनने के बाद हरिद्वार सहित प्रदेश के खिलाड़ियों को प्रांतीय और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा प्रदर्शित करने के अधिक अवसर मिले हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन हुआ, जिसमें प्रदेश के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया। उन्होंने युवाओं और खिलाड़ियों से स्वामी विवेकानंद के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की अपील की।
मेहनत और लगन से ही बनता है बेहतर खिलाड़ी : आरती सैनी
डिस्टि्रक्ट वुशु एसोसिएशन हरिद्वार की सचिव एवं राष्ट्रीय सेल्फ डिफेंस कोच आरती सैनी ने सम्मानित हुए सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं है। एक अच्छा खिलाड़ी बनने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन सबसे जरूरी है।
स्टेडियम में बच्चों की निशुल्क एंट्री की मांग
पूर्व राष्ट्रीय क्रिकेट कोच प्रकाश जोशी ने कहा कि हरिद्वार जिले में खेल प्रतिभाओं की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने नवनिर्मित स्टेडियम में बच्चों के लिए निशुल्क प्रवेश की व्यवस्था किए जाने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि यदि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलें तो प्रशिक्षक बच्चों को और अच्छे तरीके से तैयार कर सकते हैं। समारोह के अध्यक्ष जगदीश लाल पाहवा ने सभी खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। डॉ. विशाल गर्ग ने खिलाड़ियों से अर्जुन की तरह अपने लक्ष्य पर निरंतर ध्यान केंद्रित रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति एकाग्रता और निरंतर प्रयास से ही जीवन में बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक गगन वीर सिंह, डिवाइन लाइट स्कूल के प्रबंधक लक्ष्मीकांत सैनी, समाजसेवी एवं आर्य समाज के प्रमुख लालचंद सैनी, एथलीट भारत भूषण, गुरुकुल सुल्तानपुर के संजीव चौहान सहित अन्य वक्ताओं ने भी विचार रखे।
अतिथियों का किया गया अभिनंदन
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आदेश चौहान, विशिष्ट अतिथि जगदीश लाल पाहवा एवं डॉ. विशाल गर्ग, वरिष्ठ शिक्षक गगन वीर सिंह, लेखक-विचारक डॉ. राधिका नागरथ, राष्ट्रीय वुशु एवं सेल्फ डिफेंस कोच आरती सैनी, शिक्षाविद् लक्ष्मीकांत सैनी और समाजसेवी लालचंद सैनी का अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न, रुद्राक्ष की माला एवं पुष्पमाला भेंट कर अभिनंदन किया गया। अतिथियों ने विभिन्न खेलों के खेल शिक्षकों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न, रुद्राक्ष की माला एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।इस अवसर पर सुनील दत्त पांडेय, सुशील कुमार शर्मा, कृष्णानंद जोशी, गंभीर सिंह राणा, मयंक गुप्ता, तुषार गौतम आदि मौजूद रहे।
सम्मानित होने वाले कोच और खिलाड़ी
– प्रकाश जोशी — राष्ट्रीय क्रिकेट कोच
– भारत भूषण — राष्ट्रीय एथलीट कोच
– धर्मेंद्र चौहान — स्टेट कबड्डी कोच
– मनोज खन्ना — बैडमिंटन खिलाड़ी
– ईशा सैनी — राष्ट्रीय योग कोच
– लव कुश — राष्ट्रीय वुशु कोच
– शिवांश — राष्ट्रीय वुशु कोच
– वंशिका — राष्ट्रीय वुशु खिलाड़ी
– वर्षा — राष्ट्रीय वुशु खिलाड़ी
– कुमारी अंतिमा — एथलीट
– हिमांशु थपलियाल — वॉलीबॉल खिलाड़ी
– दिव्यांश — क्रिकेट खिलाड़ी
– कृष्णा — क्रिकेट खिलाड़ी












Leave a Reply