ए. गुप्ता
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। इसी कड़ी में बुधवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने प्रशासनिक एवं तकनीकी अधिकारियों की टीम के साथ सप्तऋषि क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया और जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने भूमा निकेतन के प्रमुख स्वामी अच्युतानंद तीर्थ महाराज से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने पूज्य स्वामी जी को कुंभ मेला-2027 की प्रस्तावित योजनाओं और क्षेत्र में शुरू होने वाले विकास कार्यों की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों से सीधा संवाद कर श्रद्धालुओं की सुविधाओं तथा क्षेत्रीय आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की।
सप्तसरोवर मार्ग का कायाकल्प, जलभराव से मिलेगी मुक्ति
भ्रमण के दौरान लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों ने बताया कि पुराना आरटीओ चौक से भारत माता मंदिर, सप्तऋषि चौक होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग तक जाने वाले सप्तसरोवर मार्ग के जीर्णोद्धार का काम जल्द शुरू किया जाएगा।
इस परियोजना को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। मार्ग पर लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
पार्किंग स्थलों का चयन और सीवर समस्या का तत्काल समाधान
अपर मेलाधिकारी ने कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और यातायात प्रबंधन के मद्देनजर क्षेत्र में संभावित पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया। सप्तऋषि चौक पर सीवर लाइन से जुड़ी समस्या सामने आने पर उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को इसका तुरंत निस्तारण करने के सख्त निर्देश दिए। अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने कहा, “सप्तऋषि क्षेत्र में सड़क, जल निकासी, पार्किंग और जनसुविधाओं को बेहतर बनाना हमारी प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करेंगे ताकि सभी योजनाओं को तय समय सीमा के भीतर धरातल पर उतारा जा सके।” इस स्थलीय निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता प्रवेश कुमार, अपर सहायक अभियंता चंद्रलाल भारती, स्थानीय पार्षद आकाश भाटी, सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।











Leave a Reply