150 से अधिक विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों ने लिया हिस्सा, जीनोमिक्स व आणविक निदान की आधुनिक तकनीकों का मिला प्रशिक्षण
अमित कुमार
रुड़की। कोर विश्वविद्यालय, रुड़की के कॉलेज ऑफ फार्मेसी में CRIS–DNA Labs Centre for Research & Innovative Scientific Studies, देहरादून के सहयोग से 13 और 14 अक्टूबर को दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला, सम्मेलन एवं कौशल विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों से लगभग 150 विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों एवं शोधार्थियों ने प्रतिभाग कर आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी हासिल की। कार्यक्रम में संतोष मेडिकल कॉलेज, गाजियाबाद, सिक्किम स्किल यूनिवर्सिटी, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू), जालंधर, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, हरिद्वार, एलपीएस, जयपुर तथा मदरहुड विश्वविद्यालय, रुड़की सहित अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रतिभागी शामिल हुए। कॉलेज ऑफ फार्मेसी की प्राचार्या डॉ. ममता एफ. सिंह ने CRIS–DNA Labs से आए विशेषज्ञों का स्वागत किया। कोर विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. अनुभा सिंह और प्रति-कुलपति डॉ. राजेश कुमार उपाध्याय ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि जीनोमिक्स, आणविक निदान, स्वास्थ्य सूचना विज्ञान और सटीक चिकित्सा जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में व्यावहारिक प्रशिक्षण विद्यार्थियों के ज्ञान और कौशल को नई दिशा प्रदान करता है। सहयोगी संस्थान CRIS–DNA Labs की ओर से वैज्ञानिक एवं प्रयोगशाला प्रमुख डॉ. नरोत्तम शर्मा, डॉ. अंकिता सिंह, विक्शल और विपिन नौटियाल ने विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान किया।
आधुनिक प्रयोगशाला तकनीकों का मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण
कार्यशाला के दौरान जीनोमिक्स, आणविक निदान, स्वास्थ्य सूचना विज्ञान और सटीक चिकित्सा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान एवं वैज्ञानिक परिचर्चाएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों को आणविक जीवविज्ञान के प्रयोगों, न्यूक्लिक एसिड पृथक्करण, पीसीआर आधारित तकनीकों और उन्नत प्रयोगशाला पद्धतियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में मौखिक एवं पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों और शोधार्थियों को अपने शोध निष्कर्ष, वैज्ञानिक विचार और नवाचार प्रस्तुत करने का अवसर भी मिला। इससे प्रतिभागियों को अपनी वैज्ञानिक समझ और शोध कौशल प्रदर्शित करने का मंच प्राप्त हुआ।
मौखिक और पोस्टर प्रस्तुति में प्रतिभाओं ने दिखाया दम
मौखिक प्रस्तुति प्रतियोगिता में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, जालंधर की सुश्री आयुषी ने प्रथम स्थान हासिल किया। एलपीएस, जयपुर की सुश्री टीना चौहान द्वितीय और कोर विश्वविद्यालय की सुश्री वैष्णवी शर्मा तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिता में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के कुनाल ने प्रथम तथा कोर विश्वविद्यालय के आयुष दडवाल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को प्रमाण-पत्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुश्री आकांक्षा पंडित ने किया। आयोजन ने विद्यार्थियों को आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों से परिचित कराने, प्रयोगशाला संबंधी व्यावहारिक दक्षता विकसित करने तथा अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।










Leave a Reply