वैश्विक हाथ धुलाई दिवस पर स्कूल में हाइजीन एजुकेशन प्रोग्राम शुरू, छात्राओं को बताए स्वच्छता के फायदे
अमित कुमार
हरिद्वार। सेवा संकल्प अभियान के तहत कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने आज पीएम श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, ज्वालापुर में सोलर ड्यूल हैंडपंप और मंच शेड का लोकार्पण किया। विद्यालय में छात्राओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘डेटॉल स्कूल हाइजीन एजुकेशन प्रोग्राम’ का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम वैश्विक हाथ धुलाई दिवस के अवसर पर आयोजित हुआ। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने विद्यालय में स्थापित सोलर ड्यूल हैंडपंप का संचालन कर पेयजल सुविधा का शुभारंभ किया। मंच शेड से विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम का उद्घाटन मंत्री, विद्यालय की प्रधानाचार्य पूनम राणा, स्थानीय पार्षद निशा पुंडीर और अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान डेटॉल इंडिया स्कूल हाइजीन एजुकेशन प्रोग्राम के बैनर एवं शिलापट का अनावरण भी किया गया।
साबुन से हाथ धोना बीमारियों से बचाव का सरल उपाय
वैश्विक हाथ धुलाई दिवस पर छात्राओं और शिक्षकों को संबोधित करते हुए मदन कौशिक ने कहा कि वर्ष 2026 की थीम ‘Be a Handwashing Hero!’ यानी ‘हाथ धोने के नायक बनें’ स्वच्छता और स्वस्थ समाज का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि साबुन और पानी से नियमित रूप से हाथ धोना एक छोटी, लेकिन बेहद महत्वपूर्ण आदत है।
इससे बच्चों को कई बीमारियों और संक्रमणों से बचाने में मदद मिलती है। भोजन से पहले और शौचालय के उपयोग के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोने से दस्त, डायरिया और संक्रमण का खतरा कम किया जा सकता है। मंत्री ने छात्राओं को हाथों की हथेलियों, उंगलियों के बीच और नाखूनों की अच्छी तरह सफाई करते हुए कम से कम 20 सेकंड तक साबुन से हाथ धोने की आदत अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज के निर्माण का आधार है।
स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने की अपील
मदन कौशिक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित स्वच्छ भारत मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने छात्राओं और शिक्षकों से स्वयं स्वच्छता की आदतें अपनाने तथा परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन रश्मि डबराल ने किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार, डेटॉल के जिला प्रभारी प्रकाश नेगी, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र कटारिया, प्रधानाचार्य पूनम राणा, पार्षद निशा पुंडीर सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के संकल्प के साथ हुआ।










Leave a Reply