यात्रा के लिए 72.45 लाख से अधिक पंजीकरण, चारों धामों में जारी है श्रद्धालुओं की आवाजाही
अमित कुमार
हरिद्वार। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बना हुआ है। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि वर्तमान यात्राकाल में अब तक 59,08,972 श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं, जबकि यात्रा के लिए 72,45,218 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा सुचारू और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है।
सतपाल महाराज ने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में व्यापक उत्साह बना हुआ है और बड़ी संख्या में तीर्थयात्री देवभूमि उत्तराखंड पहुंच रहे हैं।
केदारनाथ और बदरीनाथ में सर्वाधिक श्रद्धालु
कैबिनेट मंत्री के अनुसार, अब तक यमुनोत्री धाम में 8,26,965, गंगोत्री धाम में 9,29,664, केदारनाथ धाम में 17,29,170 और बदरीनाथ धाम में 20,32,477 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। चारों धामों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 59.08 लाख से अधिक पहुंच गई है। वहीं, यात्रा के लिए 72.45 लाख से अधिक पंजीकरण होना तीर्थयात्रियों के बीच चारधाम यात्रा की लोकप्रियता को दर्शाता है। सतपाल महाराज ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान बेहतर सुविधाएं मिलें और दर्शन की व्यवस्था सुरक्षित एवं सुगम बनी रहे।










Leave a Reply