सात ने मतदान के जरिए जीत दर्ज की, छह निर्विरोध चुने गए; हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र से पांचों सदस्य निर्विरोध निर्वाचित
अमित कुमार
हरिद्वार। जिला योजना समिति निर्वाचन-2026 के तहत जनपद हरिद्वार के नगर निकाय क्षेत्र से कुल 13 सदस्य निर्वाचित घोषित किए गए हैं। इनमें सात सदस्यों ने मतदान के जरिए जीत दर्ज की, जबकि छह सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए। निर्वाचन और मतगणना की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद परिणामों की सूची जारी कर दी गई है। मुख्य विकास अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी, पंचायती निर्वाचनालय डॉ. ललित नारायण मिश्र ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड की 9 अक्टूबर 2026 की अधिसूचना के अनुपालन में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया पूरी कराई गई। परिणामों से संबंधित सूचियां आयोग को भेज दी गई हैं।
मतदान से सात सदस्यों ने दर्ज की जीत
रुड़की निर्वाचन क्षेत्र से पांच सदस्य निर्वाचित
नगर निगम रुड़की, नगर पंचायत रामपुर, डंडेरा और पाडली गुज्जर को शामिल करने वाले प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र से पांच सदस्य मतदान के माध्यम से निर्वाचित हुए। इनमें नीतू शर्मा (वार्ड-15, पूर्ववली गणेशपुर), रिशु वर्मा (वार्ड-20, चावमंडी), शहनाज (वार्ड-36, भारत नगर), संजीव तोमर (वार्ड-17, शेखपुरी) और सतवीर सिंह (वार्ड-08, जादूगर रोड) शामिल हैं। इस क्षेत्र की मतगणना रोशनाबाद स्थित अपर कलेक्टर (वित्त एवं राजस्व) के न्यायालय कक्ष संख्या 359 में हुई। यहां दीपक रामचन्द्र शेट सहायक रिटर्निंग ऑफिसर रहे।
मंगलौर क्षेत्र से सलमान अंसारी विजयी
नगर पालिका परिषद मंगलौर और नगर पंचायत झबरेड़ा को शामिल करने वाले निर्वाचन क्षेत्र से झबरेड़ा के वार्ड-6, गढ़ी बहार निवासी मो. सलमान अंसारी निर्वाचित हुए। इस क्षेत्र में प्रकाश जोशी सहायक रिटर्निंग ऑफिसर थे।
लक्सर क्षेत्र से अरविन्द कुमार निर्वाचित
नगर पालिका परिषद लक्सर और संबंधित नगर पंचायतों को शामिल करने वाले निर्वाचन क्षेत्र से लक्सर के वार्ड-1, अंबेडकर नगर निवासी अरविन्द कुमार ने जीत दर्ज की। इस क्षेत्र में अखिल कुमार शुक्ला सहायक रिटर्निंग ऑफिसर रहे।
छह सदस्य निर्विरोध निर्वाचित
पिरान कलियर क्षेत्र से नाजिम
नगर पंचायत पिरान कलियर, भगवानपुर और इमलीखेड़ा को शामिल करने वाले निर्वाचन क्षेत्र से वार्ड-3, कलियर द्वितीय निवासी नाजिम निर्विरोध निर्वाचित हुए। इस संबंध में सूची 14 अक्टूबर 2026 को तैयार की गई।
हरिद्वार क्षेत्र से पांचों उम्मीदवार निर्विरोध
नगर निगम हरिद्वार और नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर को शामिल करने वाले प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र से पांच सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए। इनमें अन्नू मेहता (वार्ड-38, मेहतान), निशा (वार्ड-16, शिवलोक), यादराम वालिया (वार्ड-56, हनुमंतपुरम), ललित सिंह रावत (वार्ड-14, ऋषिकुल) और सचिन अग्रवाल (वार्ड-30, चौक बाजार) शामिल हैं। इन सदस्यों की निर्विरोध निर्वाचन सूची भी 14 अक्टूबर को रोशनाबाद में तैयार की गई।
आयोग को भेजे परिणाम
जिला योजना समिति निर्वाचन-2026 में नगर निकाय क्षेत्र से कुल 13 सदस्य चुने गए हैं। इनमें सात सदस्य मतदान के जरिए और छह निर्विरोध निर्वाचित हुए। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित परिणामों और सूचियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड को प्रेषित कर दिया गया है।










Leave a Reply