कुंभ-2027 की तैयारियों में ढिलाई बर्दाश्त नहीं, देरी पर जिम्मेदार अधिकारियों पर होगी कार्रवाई: मंडलायुक्त

Spread the love

आनंद स्वरूप ने किया निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण, डाम कोठी में अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक; अस्थाई व्यवस्थाओं के कार्यों में 70 प्रतिशत से अधिक प्रगति

अमित कुमार

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर शासन और प्रशासन ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ निगरानी भी सख्त कर दी है। आज गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने हरिद्वार पहुंचकर कुंभ क्षेत्र में संचालित निर्माण एवं अनुरक्षण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद डाम कोठी में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभागवार प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्यों में अनावश्यक देरी और लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समयसीमा का पालन नहीं करने वाली कार्यदायी संस्थाओं के जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।मंडलायुक्त ने सबसे पहले अटल बिहारी वाजपेयी राज्य अतिथि गृह में चल रहे अनुरक्षण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि कुंभ मेला शुरू होने से पहले अतिथि गृह को पूरी तरह सुव्यवस्थित और सुसज्जित किया जाए। इसके बाद भगत सिंह चौक पर निर्माणाधीन फुटपाथ का निरीक्षण करते हुए पैदल यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने को कहा।

घाटों के निर्माण के साथ सौंदर्यीकरण भी जल्द पूरा करने के निर्देश

मंडलायुक्त ने अमरापुर घाट और नगर निगम घाट का निरीक्षण कर निर्माण एवं अनुरक्षण कार्यों की प्रगति देखी।

गंगा नहर की क्लोजर अवधि में जलमग्न रहने वाले घाटों के हिस्सों का निर्माण और मरम्मत कार्य पूरा किए जाने पर संतोष जताया। उन्होंने शेष निर्माण कार्यों के साथ घाटों की साज-सज्जा एवं सौंदर्यीकरण का काम भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। अमरापुर घाट के निकट कांवड़ पटरी से सटे हरित क्षेत्र की रेलिंग की पेंटिंग कराने, पूरे क्षेत्र को सुव्यवस्थित करने तथा सीवर लाइन के लिए निर्मित पुल का रंग-रोगन कराने के निर्देश भी दिए।

चार प्रमुख सेक्टरों में अस्थाई व्यवस्थाओं पर जोर

इसके बाद मंडलायुक्त ने बैरागी कैंप, दक्षद्वीप, सतीद्वीप एवं गौरीशंकर क्षेत्र का निरीक्षण कर कुंभ शिविरों के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अस्थाई सड़कों, पार्किंग, पुलों, पेयजल और विद्युत आपूर्ति से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सेक्टरों में अस्थाई व्यवस्थाओं से जुड़े कार्य समानांतर रूप से संचालित किए जाएं, ताकि किसी एक कार्य में देरी का असर दूसरी व्यवस्थाओं पर न पड़े। अधिकारियों को प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट फोटोग्राफ सहित उपलब्ध कराने और कार्यों की अद्यतन स्थिति नियमित रूप से ऑनलाइन डैशबोर्ड पर दर्ज करने के निर्देश भी दिए।

पुलों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

डाम कोठी में आयोजित समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने सड़कों, पुलों, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और अन्य आधारभूत सुविधाओं की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से पुलों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा सभी सेक्टरों में अस्थाई व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए अलग से अधिकारियों की तैनाती करने के निर्देश दिए।मंडलायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप कुंभ-2027 का दिव्य एवं भव्य आयोजन सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगमता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

अस्थाई व्यवस्थाओं में 70 प्रतिशत से अधिक काम पूरा

बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने कुंभ की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि गंगा नहर की क्लोजर अवधि में घाटों के जलमग्न हिस्सों के निर्माण एवं मरम्मत का महत्वपूर्ण कार्य पूरा करा लिया गया है। स्थायी पुलों के निर्माण को समयसीमा में पूरा करने के लिए दिन-रात काम कराया जा रहा है और नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि गौरीशंकर, बैरागी कैंप, दक्षद्वीप एवं सतीद्वीप सेक्टर में अस्थाई सड़कों, पेयजल और विद्युत आपूर्ति से संबंधित कार्य तेजी से चल रहे हैं। इन कार्यों में अब तक 70 प्रतिशत से अधिक प्रगति हासिल कर ली गई है। अस्थाई पुलों का निर्माण भी जारी है और इन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा करा लिया जाएगा।मेलाधिकारी ने बताया कि हरिद्वार में प्रकाश व्यवस्था मजबूत करने के लिए पीआईयू एवं नगर निगम के माध्यम से लगभग 2,500 लाइटें स्थापित की जा रही हैं। इनमें सोलर लाइटें भी शामिल हैं।निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी, मनजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *