एनसीसी कैडेटों में भरा जोश, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दिया राष्ट्रसेवा का संदेश

Spread the love

लखौली प्रशिक्षण केंद्र में 500 कैडेटों से किया संवाद, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को दी प्रोत्साहन राशि

पी के गुप्ता

रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायपुर एनसीसी ग्रुप के अंतर्गत लखौली स्थित एनसीसी प्रशिक्षण केंद्र का दौरा कर करीब 500 कैडेटों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा का महत्व समझाते हुए एनसीसी के माध्यम से जिम्मेदार एवं राष्ट्रभक्त नागरिक बनने का आह्वान किया। प्रशिक्षण केंद्र पहुंचने पर ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर साई प्रसाद सिस्टला (सेना मेडल) ने मंत्री का स्वागत किया। एनसीसी कैडेटों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद वित्त मंत्री ने कैडेटों द्वारा विकसित प्रशिक्षण संबंधी नवाचारों और विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्हें एनसीसी के उद्देश्यों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और संस्थागत पहलों की जानकारी भी दी गई। इस दौरान उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कैडेटों को संबोधित करते हुए ओपी चौधरी ने कहा कि एनसीसी जिम्मेदार, अनुशासित और देशभक्त नागरिकों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि चरित्र निर्माण, आत्मानुशासन, नेतृत्व क्षमता और आपसी भाईचारा जीवन की सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं। युवाओं को एनसीसी से मिलने वाले अवसरों का अधिकतम लाभ उठाकर आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक बनना चाहिए। वित्त मंत्री ने एनसीसी अधिकारियों, एसोसिएट एनसीसी अधिकारियों (एएनओ) और प्रशिक्षण कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं में नैतिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आवश्यक है। इस अवसर पर विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को चेक के माध्यम से वित्तीय प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में करीब 500 एनसीसी कैडेटों के साथ रायपुर के एनसीसी अधिकारी, एएनओ और प्रशिक्षण स्टाफ मौजूद रहे। दौरे के अंतिम चरण में मंत्री ने प्रशिक्षण केंद्र के बुनियादी ढांचे का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें केंद्र के उन्नयन और आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी दी। वित्त मंत्री का यह संवाद कैडेटों के लिए प्रेरणादायक रहा। उनके संदेश ने युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रनिर्माण के प्रति अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *