नर्सिंग कॉलेज में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप, ग्राम प्रधान समेत 10 नामजद

Spread the love

एक दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, 200 से ज्यादा छात्राओं की सुरक्षा पर उठे सवाल

अमित कुमार

बहादराबाद (हरिद्वार)। किशनपुर-रोहलकी स्थित केयर नर्सिंग कॉलेज में मारपीट, गाली-गलौज और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। कॉलेज प्रबंधन ने रोहलकी के ग्राम प्रधान विकास चौहान सहित 10 नामजद और एक दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों पर कर्मचारियों के साथ मारपीट करने तथा कॉलेज की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद कॉलेज में रहकर पढ़ाई कर रही 200 से अधिक छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। कॉलेज के केयरटेकर एवं शिकायतकर्ता राजकुमार चौहान के अनुसार, 15 नवंबर की रात करीब 9:20 बजे कॉलेज परिसर में पार्किंग निर्माण के तहत रैम्प का काम चल रहा था। इसी दौरान ग्राम प्रधान विकास चौहान समेत कई लोग वहां पहुंचे और कथित रूप से शराब के नशे में कर्मचारियों तथा मजदूरों के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। शिकायत में अभि चौहान, आर्यन, शुभम चौहान, शुभम, योगेश, संजीव डीलर, सचिन, मोहित, शानू और विशाल सहित अन्य अज्ञात लोगों के नाम शामिल हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि ग्राम प्रधान विकास चौहान ने फावड़े से उन पर हमला किया, जिससे उन्हें चोटें आईं। इसके बाद आरोपियों ने जेसीबी मशीन बुलाकर निर्माणाधीन रैम्प, शटरिंग, बाहरी बाउंड्री और वाहनों की आवाजाही के लिए बनाए गए स्लैब को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 पर भी दी गई। शिकायत में कहा गया है कि इस घटना के दौरान कॉलेज परिसर और आसपास भय का माहौल बन गया। कॉलेज में 200 से अधिक छात्राएं रहकर शिक्षा ग्रहण करती हैं। घटना के बाद छात्राओं के साथ-साथ कॉलेज का स्टाफ और फैकल्टी भी भयभीत हैं। प्रबंधन का कहना है कि रात के समय शिक्षण संस्थान में इस तरह की घटना छात्राओं की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है।राजकुमार चौहान की तहरीर पर बहादराबाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 191(2), 324(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और नामजद आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ उनकी तलाश में कार्रवाई कर रही है। कॉलेज प्रबंधन ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही कॉलेज परिसर और आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने तथा रात के समय विशेष निगरानी रखने की अपील की है, ताकि छात्राएं भयमुक्त वातावरण में अपनी पढ़ाई जारी रख सकें। घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर भी कानून व्यवस्था और शिक्षण संस्थानों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, मामले में आरोपियों का पक्ष और घटना के पीछे का वास्तविक विवाद पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *