नमामि गंगे घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ अंतिम संस्कार, छोटे पुत्र महेंद्र बिष्ट ने दी मुखाग्नि
अमित कुमार
हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता स्वर्गीय सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार स्थित नमामि गंगे घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके छोटे पुत्र महेंद्र बिष्ट ने मुखाग्नि दी। इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घाट पहुंचकर दिवंगत सावित्री देवी के अंतिम दर्शन किए और पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री धामी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि माता का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन जीवन की अमूल्य धरोहर होता है। उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
अंतिम संस्कार में देशभर से जनप्रतिनिधियों, विभिन्न राज्यों के मंत्रियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, संत-महात्माओं और धार्मिक जगत की प्रमुख विभूतियों ने पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। संत समाज की ओर से योगऋषि स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी, परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती, आचार्य प्रमोद कृष्णम, स्वामी ललितानंद गिरि, बाबा हठयोगी, स्वामी दर्शन भारती, श्रीमहंत रूपेंद्र प्रकाश सहित अनेक संतों ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, बृजेश सिंह, केपी मलिक, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, दिनेश खटीक, सुनील कुमार शर्मा, दिनेश प्रताप सिंह, जसवंत सिंह सैनी, गुलाब देवी, धर्मपाल सिंह, जयवीर सिंह और बलदेव सिंह औलख सहित कई मंत्री एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद रवि किशन, पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी और डॉ. धन सिंह रावत, वरिष्ठ भाजपा नेता मदन कौशिक, प्रेमचंद अग्रवाल, विधायक प्रदीप बत्रा तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव आनंद वर्धन, एडीजी एपी अंशुमान, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में सामाजिक, धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों और आमजन ने भी अंतिम दर्शन कर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।












Leave a Reply