आजादी के जश्न पर केनरा बैंक ने दिया ‘विकसित भारत’ का संदेश, मेधावी विद्यार्थियों का भी किया सम्मान

Spread the love

अमित कुमार

हरिद्वार। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केनरा बैंक की देवपुरा शाखा में देशभक्ति एवं सामाजिक सरोकार से जुड़ा समारोह आयोजित किया गया। समारोह में क्षेत्रीय प्रबंधक एस.वी.के. रेड्डी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ देश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक एस.वी.के. रेड्डी ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आजादी केवल एक ऐतिहासिक उपलब्धि नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के लिए जिम्मेदारी और कर्तव्य का प्रतीक है। श्री रेड्डी ने कहा कि भारत तेजी से आर्थिक प्रगति की ओर बढ़ रहा है और देश की अर्थव्यवस्था में निरंतर सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। ऐसे में ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। बैंकिंग क्षेत्र आर्थिक विकास के साथ-साथ कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ईमानदारी, जिम्मेदारी और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान

कार्यक्रम के दौरान आर्थिक रूप से कमजोर एवं पिछड़े वर्गों से आने वाले मेधावी और परिश्रमी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। केनरा बैंक की ओर से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनकी मेहनत और उपलब्धियों को प्रोत्साहित किया गया। बैंक अधिकारियों ने कहा कि आर्थिक परिस्थितियां किसी प्रतिभाशाली विद्यार्थी के सपनों के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए। प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहन और सहयोग देना समाज एवं संस्थानों की साझा जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया गया।

अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया संकल्प

समारोह में मंडल प्रबंधक सुमित कुमार, नीतिका प्रकाश, अनिमेष धानी, मनीष कुमार, प्रवीण शकरवाल तथा देवपुरा शाखा प्रबंधक अनूप सहित बैंक के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह के अंत में सभी ने देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। केनरा बैंक की देवपुरा शाखा में आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रभक्ति के साथ ही सामाजिक जिम्मेदारी और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का संदेश भी दिया। वही समारोह के अंत में सभी ने देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *