सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, अवैध मजार ध्वस्त

Spread the love

ए. गुप्ता

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर झबरेड़ा क्षेत्र के भक्तोवाली-सहारनपुर रोड स्थित एक अवैध मजार को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। अपर तहसीलदार रुड़की शुभांगिनी ने बताया कि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ के निर्देशन में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। जांच में पाया गया कि सड़क किनारे स्थित उक्त मजार अवैध रूप से निर्मित की गई थी। उन्होंने बताया कि संबंधित पक्ष को पूर्व में नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया था। नोटिस के बावजूद कोई संतोषजनक उत्तर अथवा आपत्ति प्रस्तुत नहीं की गई।

निर्धारित समयावधि समाप्त होने के बाद पुनः नोटिस जारी किए गए, लेकिन तब भी कोई दावा या आपत्ति प्राप्त नहीं हुई। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की। संयुक्त टीम की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कानूनगो सुभाष जैमिनी, थाना अध्यक्ष झबरेड़ा दक्ष शोखंड तथा लोक निर्माण विभाग की सहायक अभियंता दीपा सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *