कांग्रेस ने कहा—जांच में सामने आए तथ्यों और निष्कर्षों को जनता के सामने रखा जाए, न्याय मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष
अमित कुमार
हरिद्वार। महानगर कांग्रेस कमेटी ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की वर्तमान स्थिति और प्रगति को सार्वजनिक करने की मांग की है। शुक्रवार को प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि कांग्रेस अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए शुरुआत से ही संघर्ष करती आ रही है और न्याय मिलने तक यह संघर्ष जारी रहेगा। अमन गर्ग ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग को लेकर कांग्रेस ने उत्तराखंड सहित देशभर में धरना-प्रदर्शन किए। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अंकिता भंडारी हत्याकांड को प्रमुखता से उठाया था। कांग्रेस और अंकिता के परिजनों के दबाव के बाद सरकार ने मामले की सीबीआई जांच को मंजूरी दी। उन्होंने बताया कि जनवरी 2026 में सीबीआई ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन कई महीने बीत जाने के बावजूद जांच किस दिशा में आगे बढ़ी है और अब तक क्या महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं, इसकी सार्वजनिक जानकारी उपलब्ध नहीं है। कांग्रेस ने मांग की कि जांच की प्रगति और निष्कर्षों के बारे में जनता को स्पष्ट जानकारी दी जाए। अमन गर्ग ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी के परिजनों ने भाजपा के जिन दो वरिष्ठ नेताओं पर आरोप लगाए थे, सीबीआई जांच में अब तक उनका कोई उल्लेख सामने नहीं आया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने दोनों नेताओं को अन्य राज्यों में जिम्मेदारियां देकर सम्मानित किया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि पत्रकार वार्ता में प्रस्तुत नहीं की गई। उन्होंने कहा कि हाल ही में अंकिता भंडारी के माता-पिता ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर सीबीआई जांच में कथित देरी से अवगत कराया और न्याय दिलाने में सहयोग की मांग की। राहुल गांधी ने परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की कि सीबीआई जांच में सामने आए महत्वपूर्ण तथ्यों और निष्कर्षों को जनता के सामने रखा जाए। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े प्रत्येक आरोपी तथा कथित षड्यंत्र में शामिल व्यक्तियों की भूमिका की निष्पक्ष और विस्तृत जांच होनी चाहिए। साथ ही अंकिता के परिवार को पूर्ण न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुरली मनोहर और संतोष चौहान ने भी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग की। वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सीपी सिंह और महेश प्रताप राणा ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस किसी भी संघर्ष से पीछे नहीं हटेगी। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।












Leave a Reply