कैडेटों ने सीखा ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण और मानचित्र पढ़ना
पी. के. गुप्ता
गयाजी। गया कॉलेज परिसर में 6 बिहार बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में आयोजित दस दिवसीय कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप (सीएटीसी) के तीसरे दिन कैडेटों को विभिन्न सैन्य एवं व्यावहारिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। शिविर के दौरान कैडेटों ने पीटी एवं ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण, मैप रीडिंग, अतिथि व्याख्यान के साथ सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों में भी हिस्सा लिया। प्रशिक्षण सत्र के दौरान कैडेटों को शारीरिक दक्षता के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सैन्य गतिविधियों की बारीकियों से परिचित कराया गया। मैप रीडिंग के प्रशिक्षण में कैडेटों को मानचित्र के विभिन्न संकेतों, दिशाओं की पहचान और निर्धारित स्थान तक पहुंचने की तकनीकों की जानकारी दी गई। वहीं हथियार प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों को हथियारों से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण में सुरक्षा मानकों और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा गया। पीटी एवं ड्रिल के माध्यम से कैडेटों की शारीरिक क्षमता और टीम भावना को मजबूत करने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज कुमार, कीर्ति चक्र ने कहा कि एनसीसी कैडेटों के सर्वांगीण विकास में प्रशिक्षण शिविर की महत्वपूर्ण भूमिका है।
ऐसे शिविरों के माध्यम से कैडेटों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और देशसेवा की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि नियमित प्रशिक्षण कैडेटों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करता है और उनमें जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है। शिविर में कैडेटों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों में भाग लिया।












Leave a Reply