भागीरथ मेले में दिखेगा संस्कृति और मनोरंजन का रंग, एक हजार बच्चों को मिलेगा सम्मान

Spread the love

एस. गुप्ता

हरिद्वार। भागीरथ जन कल्याण सेवा समिति की ओर से भेल फाउंड्री गेट के सामने धीरवाली में आज भागीरथ मेला महोत्सव का शुभारंभ किया गया। समिति के अध्यक्ष मनोज यादव ने प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता कर मेले की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी। मनोज यादव ने बताया कि एक माह तक चलने वाले मेले में सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला चलेगी। 13 से 19 नवंबर तक गरबा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रतिभाग करने के लिए पंजीकरण कराना होगा। बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए जलपरी शो भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। मेले में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। उन्होंने बताया कि मेले में मां दुर्गा के भव्य दर्शन, आकर्षक झांकियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बच्चों के लिए विशेष झूले लगाए गए हैं। इसके अलावा सेल्फी जोन और करीब 150 स्टॉल लगाए गए हैं, जहां लोग विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे। मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी। समिति की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले एक हजार बच्चों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में तरुण शुक्ला, विजय चौबे, रामचंद्र आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *