रामपुर रायहधारी क्षेत्र में अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 8 रिटेल भंडारण सीज

Spread the love

एस. कुमार

हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए तहसील लक्सर के ग्राम रामपुर रायहधारी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में जिला खनन अधिकारी काजिम रजा के नेतृत्व में विभागीय टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम रामपुर रायहधारी में संचालित सभी रिटेल खनिज भंडारण स्थलों की जांच की गई। जांच में विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर प्रशासन ने संबंधित रिटेल भंडारणों को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया। इसके साथ ही संबंधित इकाइयों के ई-खन्ना पोर्टल संचालन को भी अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। जिला खनन अधिकारी काजिम रजा ने बताया कि अवैध खनन की प्राप्त शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि जनपद में अवैध खनन, खनिजों के अवैध भंडारण तथा अवैध परिवहन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *