बनबसा में 37.82 लाख की लागत से बन रहा सैनिक स्मारक अंतिम चरण में

Spread the love

मुख्यमंत्री धामी की घोषणा साकार, 99 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा, जल्द शहीदों को समर्पित होगा स्मारक

रमेश राम

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अनुरूप जनपद चम्पावत के बनबसा में 37.82 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन सैनिक स्मारक का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है तथा गुणवत्ता सुनिश्चित की जा रही है। आज जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह (सेवानिवृत्त) ने कैप्टन भानी चन्द (सेवानिवृत्त) तथा नगर पंचायत बनबसा के जूनियर इंजीनियर प्रकाश चंद के साथ निर्माणाधीन सैनिक स्मारक का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि सैनिक स्मारक का करीब 99 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब केवल जनपद चम्पावत के 62 वीर शहीदों के नाम स्मारक पर अंकित किए जाने का कार्य शेष है। इसके लिए प्रमाणित सूची कार्यदायी संस्था नगर पंचायत परिषद बनबसा को उपलब्ध करा दी गई है और इसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह ने कहा कि स्मारक का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ किया गया है और यह उनकी परिकल्पना के अनुरूप आकार ले चुका है। उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था की सराहना करते हुए कहा कि स्मारक पूर्ण होने के बाद यह चम्पावत के वीर शहीदों के अदम्य साहस, सर्वोच्च बलिदान और राष्ट्रसेवा का स्थायी प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि यह सैनिक स्मारक केवल एक भवन नहीं, बल्कि देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञ श्रद्धांजलि है। यह आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और वीरता की भावना का संचार करेगा तथा जनपदवासियों के लिए गौरव का केंद्र बनेगा। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शेष कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि सैनिक स्मारक को शीघ्र ही जनसामान्य को समर्पित किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह स्मारक जनपद के वीर शहीदों की अमर गाथाओं को सदैव जीवंत रखने वाली एक महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *