सप्तऋषि हाईवे पर श्रद्धालुओं से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त, एक महिला की मौत, 37 घायल

Spread the love

अमित कुमार

हरिद्वार। भूपतवाला से हरिद्वार की ओर आ रही राजस्थान के श्रद्धालुओं से भरी एक बस सुबह सप्तऋषि क्षेत्र के निकट हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 37 अन्य यात्री घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 7:30 बजे बस संख्या AR-06-C-0963 भूपतवाला से हरिद्वार की ओर आ रही थी। बस में राजस्थान के नागौर जिले के 45 यात्री सवार थे। सप्तऋषि के पास हाईवे पर बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को उपचार के लिए मेला चिकित्सालय हरिद्वार पहुंचाया गया। उप जिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और उनके लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। प्रशासन की ओर से घायलों के उपचार एवं अन्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई।दुर्घटना में पुष्पकंवर (50 वर्ष) पत्नी भंवर सिंह, निवासी रातगांव, थाना रोन, जिला नागौर (राजस्थान) की मृत्यु हो गई। हादसे में कुल 37 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 29 महिलाएं, 6 पुरुष और 2 बच्चे शामिल हैं। घायलों में से तीन गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए AIIMS Rishikesh रेफर किया गया है, जबकि अन्य सभी घायलों का उपचार मेला चिकित्सालय हरिद्वार में जारी है। प्रशासन ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *