चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसा दिव्यांग यात्री, RPF जवानों ने खींचकर बचाई जान

Spread the love

गया स्टेशन पर ‘ऑपरेशन जीवन रक्षा’ में दिखाई अदम्य तत्परता, CCTV में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम

पी. के. गुप्ता

गयाजी। गयाजी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-4 पर आज आरपीएफ जवानों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक दिव्यांग यात्री की जान बच गई। गाड़ी संख्या 63254 गयाजी-पटना मेमू के प्रस्थान के दौरान यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म पर गिरते हुए ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच जाने लगा। स्थिति को भांपते ही ड्यूटी पर तैनात सहायक उप निरीक्षक बलवंत कुमार सिंह और आरक्षी सावन कुमार ने बिना समय गंवाए यात्री को पकड़कर अपनी ओर खींच लिया और सुरक्षित दूरी पर पहुंचा दिया। जवानों की कुछ सेकंड की तत्परता ने एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया। घटना प्लेटफॉर्म संख्या-4 के दिल्ली एंड पर लगी सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। घटना के बाद आरपीएफ ने दोनों जवानों की साहस, सूझबूझ, त्वरित निर्णय और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। आरपीएफ की सतर्कता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि ‘ऑपरेशन जीवन रक्षा’ महज अभियान नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में यात्रियों की जिंदगी बचाने की जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *