ए. गुप्ता
टिहरी गढ़वाल / गजा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज टिहरी गढ़वाल के अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज पहुंचकर “गजा घण्टाकर्ण महोत्सव-2026” (द्वितीय संस्करण) का दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्राचीन घंटाकर्ण मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और राज्य आंदोलनकारी शहीद बेलमती चौहान की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और धार्मिक आस्थाओं को सहेजने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने स्थानीय मातृशक्ति द्वारा किए गए भव्य स्वागत के लिए आभार जताया और बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की।
मुख्यमंत्री द्वारा गजा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:
1. धार्मिक पर्यटन एवं सौंदर्यीकरण
रोपवे निर्माण: घंटाकर्ण महादेव मंदिर तक श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रोपवे का निर्माण किया जाएगा।
पर्यटन विकास: कोटेश्वर झील का विकास किया जाएगा और डांडाचली में एक इको पार्क का निर्माण होगा।
मंदिरों का सौंदर्यीकरण: पावकी देवी एवं चमराड़ा देवी (भरपूर) मंदिरों का सौंदर्यीकरण कार्य कराया जाएगा।
2. शिक्षा एवं स्वास्थ्य का सुदृढ़ीकरण
फार्मेसी कोर्स: शहीद श्री विक्रम सिंह नेगी राजकीय पॉलिटैक्निक गजा में फार्मेसी विषय की स्वीकृति। स्कूल-कॉलेज का उच्चीकरण: राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिंगटाली एवं पजै गाँव को इंटर स्तर पर तथा नरेंद्रनगर महाविद्यालय को पीजी (Post Graduate) स्तर पर उच्चीकृत किया जाएगा।
स्वास्थ्य सुविधाएं: चाका महिला अस्पताल को PHC में परिवर्तित कर उसका उच्चीकरण किया जाएगा और चाका में सामुदायिक भवन को सुदृढ़ बनाया जाएगा।
3. कनेक्टिविटी एवं ढांचागत विकास
आंतरिक मार्ग व मैदान: नगर पंचायत गजा क्षेत्र में विभिन्न आंतरिक मार्गों का निर्माण, गजा मैदान का विस्तारीकरण और एक नए मंच का निर्माण किया जाएगा।
नए मोटर मार्ग: दंदेली-अंदरफीगांव-फलसारी-बिमाण गाँव मोटर मार्ग तथा रणाकोट डांडा जमोला मोटर मार्ग को स्वीकृति दी गई।
विभागीय कार्यालय: गजा तहसील में लोक निर्माण विभाग (PWD), विद्युत विभाग, जल संस्थान एवं जल निगम के तहसील स्तरीय कार्यालयों/कार्यक्रमों को मंजूरी। जल एवं विद्युत आपूर्ति: हेंवल नदी में झील निर्माण तथा गजा बगीद के 33 KV सब स्टेशन की स्थापना को स्वीकृति दी गई। “सांस्कृतिक विरासत के साथ विकास के नए आयाम” — मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी सांस्कृतिक चेतना को पुनर्जीवित कर रहा है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और महाकाल लोक इसके जीवंत उदाहरण हैं। इसी राह पर चलते हुए राज्य सरकार उत्तराखंड को सुरक्षित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने आगे कहा: “राज्य सरकार होमस्टे, वेडिंग डेस्टिनेशन और ‘हाउस ऑफ हिमालय’ जैसी योजनाओं को मजबूत कर रही है। हमारा मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड की पारंपरिक वेशभूषा, खान-पान और लोक कला का संरक्षण करना और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है।”
जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए गजा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उच्चीकृत किए जाने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार जनसहभागिता के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ा रही है। नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने गजा क्षेत्र को इतनी बड़ी सौगातें देने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।
महोत्सव के मुख्य आकर्षण:
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत, सरस्वती वंदना और लोकनृत्यों के माध्यम से उत्तराखंड की अनूठी संस्कृति का प्रदर्शन किया। साथ ही, विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आमजन को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और मौके पर ही लाभान्वित किया गया। इस भव्य समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, ब्लॉक प्रमुख चंबा सुमन सजवाण, ब्लॉक प्रमुख नरेंद्रनगर दीक्षा राणा, नगर पालिका अध्यक्ष चंबा शोभना धनौला, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे समेत भारी संख्या में क्षेत्रीय जनता, जनप्रतिनिधि और पत्रकार मौजूद रहे।












Leave a Reply