अमित कुमार
हरिद्वार। जनपद को स्वच्छ, सुंदर और कचरा मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान को और मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने विकास भवन परिसर से विकासखंड बहादराबाद और खानपुर के लिए मिनी हाइड्रोलिक ट्रैक्टर ट्रॉलियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब धरातल पर दिखाई देने लगे हैं।
अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा कूड़ा संग्रहण एवं निस्तारण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दोनों विकासखंडों को मिनी हाइड्रोलिक ट्रैक्टर ट्रॉलियां उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने बताया कि ये ट्रैक्टर ट्रॉलियां विकासखंड बहादराबाद और खानपुर में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान का हिस्सा बनकर क्षेत्र में कूड़ा उठान एवं सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता कार्यों को गति मिलेगी तथा कचरा प्रबंधन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। डॉ. मिश्र ने कहा कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में जनपद को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। स्वच्छता अभियान में जनसहभागिता भी सुनिश्चित की जा रही है ताकि स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया जा सके।। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, स्वच्छता नोडल अधिकारी चंद्रकांत मणि त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन का मानना है कि नई ट्रैक्टर ट्रॉलियों के शामिल होने से ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे स्वच्छता अभियान को नई गति मिलेगी और जनपद को साफ-सुथरा एवं स्वस्थ बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी।












Leave a Reply