डाक कांवड़ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, व्यवस्थाओं से श्रद्धालु खुश

Spread the love

हरिद्वार में बढ़ती शिवभक्तों की भीड़ के बीच राज्य सरकार और जिला प्रशासन के इंतजामों की जमकर सराहना

अमित कुमार

हरिद्वार। विश्व की सबसे बड़ी निरंतर चलने वाली कांवड़ यात्रा अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। डाक कांवड़ यात्रा के अंतिम दिनों में धर्मनगरी हरिद्वार में शिवभक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु गंगाजल लेने के लिए हरिद्वार पहुंच रहे हैं। हर ओर ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से धर्मनगरी शिवमय नजर आ रही है। कांवड़ यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु आवागमन को लेकर उत्तराखंड सरकार एवं जिला प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाएं और लंगर सहित अन्य आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। बढ़ती भीड़ के बावजूद व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस लगातार सक्रिय है। लुधियाना से कांवड़ लेने पहुंचे एडवोकेट मोहित अग्रवाल ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वह हर वर्ष गंगाजल लेने हरिद्वार आते हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष उत्तराखंड सरकार की ओर से कांवड़ियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि सुविधाओं के कारण श्रद्धालुओं की यात्रा सुखद और सुविधाजनक बनी है। हरियाणा के करनाल से आए संदीप कुमार ने बताया कि वह पिछले 10-15 वर्षों से लगातार हरिद्वार से कांवड़ लेने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार जगह-जगह मेडिकल कैंप, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और भोजन की अच्छी व्यवस्था देखने को मिल रही है। उन्होंने जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।सहारनपुर से कांवड़ यात्रा पर आईं सोनिया ने कहा कि कांवड़ियों की सुविधा के लिए इस बार व्यवस्थाएं बेहतर की गई हैं। उन्होंने इसके लिए उत्तराखंड सरकार का धन्यवाद किया। सहारनपुर से आए अनिकेत कुमार ने कहा कि यात्रा मार्गों पर शौचालय, पानी, लंगर और लाइट की अच्छी व्यवस्था की गई है। उन्होंने बेहतर व्यवस्थाओं के लिए मुख्यमंत्री एवं प्रशासन का आभार जताया। श्रद्धालुओं ने कहा कि इस बार यात्रा मार्गों पर सफाई, सुरक्षा और पेयजल की व्यवस्था पहले की अपेक्षा काफी बेहतर दिखाई दे रही है। शिवभक्तों की भारी भीड़ के बीच भी प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर श्रद्धालुओं में संतोष नजर आया। धर्मनगरी हरिद्वार में चारों ओर गूंज रहे ‘बोल बम’ के जयकारों के बीच कांवड़ यात्री अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। श्रद्धालुओं ने कहा कि बेहतर प्रबंधन, सुविधाओं और सेवाभाव ने इस बार की कांवड़ यात्रा को उनके लिए और भी यादगार बना दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *