दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स की तैयारियां तेज

Spread the love

मंत्री खजान दास और वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स ने दरगाह में चादर व फूल पेश कर मांगी अमन-भाईचारे की दुआ

अमित गुप्ता

हरिद्वार। दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को समाज कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास तथा उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स पिरान कलियर पहुंचे। दोनों ने दरगाह साबिर पाक में चादर और फूल पेश कर देश-प्रदेश में अमन, भाईचारे, खुशहाली और तरक्की की दुआ की। इसके बाद मंत्री खजान दास ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर उर्स की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने जायरीनों की सुविधा, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, साफ-सफाई तथा मेला क्षेत्र में अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी तैयारियां समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

मंत्री खजान दास ने कहा कि दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स में देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उर्स और मेला शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं तथा संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और जनसुविधाओं को लेकर लगातार कार्य कर रही है। कलियर उर्स को बेहतर व्यवस्थाओं और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सरकार गंभीरता से काम कर रही है। मंत्री ने वक्फ बोर्ड अध्यक्ष से दरगाह से संबंधित सभी सूचनाएं और रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराने को कहा, ताकि व्यवस्थाओं और तैयारियों की प्रभावी समीक्षा की जा सके। वहीं, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स ने भी अधिकारियों से उर्स की तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उर्स के दौरान देश-विदेश से आने वाले जायरीनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो,

इसके लिए सभी संबंधित विभागों को पूरी जिम्मेदारी और आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा। पिरान कलियर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मंत्री खजान दास का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, सीओ भगवानपुर सुमित पांडेय, तहसीलदार विकास अवस्थी, अनीस गॉड, शायर अफजल मंगलौरी, अजहर प्रधान, अकरम साबरी, शफक्कत अली, राव काले खां, बाबा उर्फ मुर्सलीन, शमीम मास्टर, राव शानी उर्फ सदाकत अली, अनीस कसार समेत भाजपा कार्यकर्ता और अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *