15 सितंबर की तय तारीख आगे बढ़ी, एडीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
अमित कुमार
हरिद्वार। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तारीख बढ़ा दी गई है। उत्तराखंड में अब अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर के बजाय तीन अक्टूबर को प्रकाशित होगी। शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में एसआईआर की प्रगति, फॉर्म-6, 7 और 8 के निस्तारण समेत शेष प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा हुई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम प्रकाशन की संशोधित तिथि की जानकारी दी। उन्होंने फॉर्म-6, 7 और 8 के निस्तारण की प्रक्रिया और अब तक की प्रगति से भी अवगत कराया। एडीएम जितेन्द्र कुमार ने कहा कि एसआईआर अभियान में सभी राजनीतिक दलों का अपेक्षित सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि शेष कार्य भी पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा कराया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के सहयोग के लिए आभार भी जताया। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में चल रहे एसआईआर कार्य की सराहना की। प्रतिनिधियों ने कहा कि जनपद में पुनरीक्षण अभियान को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। बैठक में पिरान कलियर विधायक फुरकान अहमद (कांग्रेस), जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, बसपा जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार, भाजपा जिला कार्यालय प्रभारी नकली सिंह सैनी और भाजपा जिला रुड़की ग्रामीण महामंत्री संगठन साहिल राणा समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।












Leave a Reply