एम. पारिक
हरिद्वार। हरिद्वार में आज सर्वानंद घाट के सामने एक बस में अचानक आग लगने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित बचा लिए गए। उप जिलाधिकारी योगेश सिंह मेहरा ने बताया कि बस में आग लगने की सूचना मिलते ही संबंधित विभागों को तत्काल सक्रिय कर दिया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेजी से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और कुछ ही समय में आग को पूरी तरह बुझा दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस हरिद्वार से देहरादून की ओर जा रही थी। इसी दौरान सर्वानंद घाट के सामने बस में अचानक आग लग गई। चालक और परिचालक की सूझबूझ तथा तत्परता के चलते बस में सवार सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और यातायात को सुचारू रखने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित विभाग द्वारा जांच की जा रही है। जिला प्रशासन ने फायर ब्रिगेड, पुलिस और राहत-बचाव दल की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय पर किए गए प्रयासों से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों की जान सुरक्षित बचाई जा सकी। प्रशासन ने लोगों से भी आपात स्थिति में सतर्कता बरतने और तुरंत संबंधित विभागों को सूचना देने की अपील की है।











Leave a Reply