गश्त के दौरान एसएसबी ने पकड़ा संदिग्ध, बोरी से मृत मोर बरामद

Spread the love

पी के गुप्ता

श्रावस्ती। 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), भिनगा के कमांडेंट एके वरूण के निर्देशन में एसएसबी की ‘सी’ कंपनी भैसाहीनाका और वन विभाग, पूर्वी सोहेलवा रेंज की संयुक्त टीम ने गश्त के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक बोरी में मृत मोर बरामद किया गया। जानकारी के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को संयुक्त टीम ग्राम लालपुर कुशमहवा-सोनपथरी मार्ग पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। संदेह होने पर टीम ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद पीले रंग की बोरी से एक मृत मोर बरामद हुआ। बताया गया कि मृत मोर का वजन करीब पांच किलोग्राम और लंबाई लगभग 0.90 मीटर थी। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान धर्मराज, निवासी ग्राम लालपुर कुशमहवा, थाना सिरसिया, जनपद श्रावस्ती के रूप में हुई। पूछताछ के बाद एसएसबी की संयुक्त टीम ने बरामद मृत मोर और पकड़े गए व्यक्ति को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए वन विभाग, पूर्वी सोहेलवा रेंज के सुपुर्द कर दिया। वन विभाग द्वारा मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *