अमित कुमार
हरिद्वार। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार पारंपरिक माटी कला के संरक्षण और इससे जुड़े कारीगरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ और चारधाम यात्रा में माटी कला से निर्मित उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देकर कारीगरों के लिए रोजगार और बाजार के नए अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। रुड़की स्थित उत्तराखंड माटी कला बोर्ड के प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने माटी कला से जुड़े प्रजापति समाज के कारीगरों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं माटी कला से जुड़े लोगों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान कारीगरों ने मंत्री के समक्ष मिट्टी की उपलब्धता, उस पर लगे प्रतिबंध और अन्य समस्याओं को उठाते हुए माटी कला व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
इस पर भरत सिंह चौधरी ने आश्वासन दिया कि मिट्टी की उपलब्धता से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए उचित स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ मेले में प्लास्टिक के गिलासों के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल कुल्हड़ों के उपयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। इससे प्लास्टिक के उपयोग में कमी आने के साथ-साथ माटी कला से जुड़े कारीगरों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि भविष्य में चारधाम यात्रा के दौरान भी स्थानीय माटी कला उत्पादों के उपयोग और विपणन को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे प्रदेश के कारीगरों को व्यापक बाजार उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि कारीगरों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए मिट्टी गूंथने की मशीन उपलब्ध कराने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है। इससे उनकी मेहनत कम होगी, उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। भरत सिंह चौधरी ने कहा कि माटी कला उत्तराखंड की पारंपरिक विरासत और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सरकार का उद्देश्य इस कला का संरक्षण करने के साथ-साथ कारीगरों को आधुनिक सुविधाएं, बेहतर बाजार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि राज्य सरकार माटी कला को पुनर्जीवित करने और इससे जुड़े कारीगरों को सम्मान तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि माटी कला हमारी सांस्कृतिक पहचान है और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इस अवसर पर राज्यमंत्री शोभाराम प्रजापति, रुड़की की मेयर अनीता ललित अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, राज्यमंत्री आदेश सैनी सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में माटी कला से जुड़े कारीगर उपस्थित रहे।












Leave a Reply