हरिद्वार में झमाझम बारिश, भीमगोड़ा बैराज पर गंगा चेतावनी स्तर पर पहुंची

Spread the love

रुड़की में सर्वाधिक 108 मिमी वर्षा दर्ज, प्रशासन ने सतर्कता बरतने की अपील की

अमित कुमार

हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में पिछले 24 घंटों के दौरान लगातार हुई बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मध्यम से भारी वर्षा दर्ज की गई, जबकि भीमगोड़ा बैराज पर गंगा का जलस्तर चेतावनी स्तर तक पहुंच गया है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। जिला प्रशासन की ओर से जारी दैनिक अपडेट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में रुड़की में सर्वाधिक 108 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा रोशनाबाद में 98 मिमी, लक्सर में 97 मिमी, भगवानपुर में 89 मिमी तथा हरिद्वार शहर में 74 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।मौसम विभाग के अनुसार जिले का न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भीमगोड़ा बैराज पर गंगा का जलस्तर 293.00 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जो चेतावनी स्तर (293.00 मीटर) के बराबर है। जबकि खतरे का निशान 294.00 मीटर निर्धारित है। बैराज पर गंगा का इनफ्लो (अपस्ट्रीम) और आउटफ्लो (डाउनस्ट्रीम) दोनों 1,58,512 क्यूसेक दर्ज किया गया। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों तथा कांवड़ यात्रा मार्गों और निचले इलाकों में रहने वाले नागरिकों से सतर्क रहने तथा मौसम एवं प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। जिला प्रशासन ने बताया कि जलस्तर और वर्षा की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *