केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान बोले—बार-बार चुनाव विकास में बाधक, संत समाज करे जनजागरण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा—‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ राष्ट्रहित, सुशासन और जनकल्याण से जुड़ा विषय
अमित कुमार
हरिद्वार। हरिद्वार के प्राचीन अवधूत मंडल आश्रम में आयोजित संत समागम में ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ विषय पर व्यापक संवाद हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता करते हुए एक साथ चुनाव कराने की आवश्यकता और इसके संभावित लाभों पर विचार रखे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने संत समाज से इस विषय पर जनजागरण करने का आह्वान किया। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ को लेकर शुरू किए गए प्रयास देशहित से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार होने वाले चुनावों के कारण विकास कार्यों की गति प्रभावित होती है। चुनाव के दौरान प्रशासनिक मशीनरी, शिक्षक, पुलिस और सुरक्षा बल चुनावी दायित्वों में लग जाते हैं तथा आचार संहिता लागू होने के कारण कई विकास कार्यों की गति धीमी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि यदि लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराए जाएं तो समय, धन और प्रशासनिक संसाधनों की बचत होगी तथा सरकार और प्रशासन का अधिक समय विकास एवं जनसेवा में लगाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि देश पहले है और पार्टी बाद में। ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ किसी एक राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं, बल्कि राष्ट्रहित से जुड़ा विषय है।
संत समाज से जनजागरण की अपील
शिवराज सिंह चौहान ने संत समाज से अपील की कि वे अपने प्रवचनों और सामाजिक प्रभाव के माध्यम से जनता को ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि संत समाज ने सदैव राष्ट्र और समाज को दिशा देने का कार्य किया है। संतों का आशीर्वाद और मार्गदर्शन इस विषय को व्यापक जनसमर्थन दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस संकल्प को पूरा करने के लिए समाज के सभी वर्गों को राष्ट्रहित में आगे आना चाहिए।
‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताया
केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में ‘वंदे मातरम्’ के पूर्ण स्वरूप का समर्थन करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना का प्रतीक है। उन्होंने संत समाज से आग्रह किया कि वे अपने प्रवचनों के माध्यम से लोगों में राष्ट्रीय एकता और मातृभूमि के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करें।
मुख्यमंत्री बोले—राजनीतिक नहीं, राष्ट्रहित का विषय
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ राजनीतिक विषय नहीं, बल्कि राष्ट्रहित, सुशासन, जनकल्याण और देश के संसाधनों के बेहतर उपयोग से जुड़ा राष्ट्रीय विषय है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और चुनाव लोकतंत्र का महत्वपूर्ण पर्व हैं,
लेकिन लगातार चलने वाली चुनावी प्रक्रिया का असर शासन और विकास कार्यों पर भी पड़ता है। उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव होने के कारण प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, पुलिस और सुरक्षा बलों को चुनावी दायित्वों में लगाया जाता है। एक साथ चुनाव होने पर सार्वजनिक धन और संसाधनों की बचत के साथ प्रशासन को विकास और जनसेवा के लिए अधिक समय मिल सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ को राष्ट्रीय विमर्श के केंद्र में लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए विकास की निरंतर गति आवश्यक है। शासन का अधिकतम समय रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचे और जनकल्याण से जुड़े कार्यों पर लगाया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने संत-महात्माओं से इस विषय पर समाज का मार्गदर्शन करने का आग्रह करते हुए कहा कि भारत की सनातन परंपरा में संत समाज ने सदैव राष्ट्र और समाज को दिशा दी है। हमारा संकल्प लोकतंत्र को मजबूत करना, विकास को निरंतर गति देना, संस्कृति को सुरक्षित रखना और राष्ट्र को सर्वोपरि रखना है। कार्यक्रम का संचालन महामंडलेश्वर हरिचेतनानंद महाराज ने किया। इस अवसर पर डॉ. हरिहरानंद महाराज, महंत मंगलदास, गोपालदास जी महाराज, जसविंदर दास महाराज, योगी ऋषि आशुतोष महाराज, स्वामी रामदेव महाराज, श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज, स्वामी अच्युतानंद तीर्थ महाराज, श्रीमहंत हरिगिरि महाराज, साध्वी प्राची, महंत दाती महाराज, प्रमोद कृष्णम महाराज, महामंडलेश्वर रूपेंद्र प्रकाश, महामंडलेश्वर ज्ञानदास, महामंडलेश्वर ललितानंद महाराज, स्वामी यतीश्वरानंद महाराज, महंत दुर्गादास सहित विभिन्न अखाड़ों के संत-महात्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, मेयर किरण जैसल, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, विधायक आदेश चौहान, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश संयोजक आदित्य चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्य मंत्री नितिन गौतम, राज्य मंत्री आदेश सैनी, उज्ज्वल पंडित, लव शर्मा, आशु चौधरी, हीरा सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं साधु-संत मौजूद रहे।












Leave a Reply