संस्थापक मदन सिंह सामंत बोले— जनता का मिला आशीर्वाद तो करेंगे राज्य का नवनिर्माण
ए. गुप्ता
हरिद्वार। सारे काम का तुरंत हल पार्टी के संस्थापक एवं चेयरमैन मदन सिंह सामंत ने हरिद्वार विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा की है। प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने पार्टी का संकल्प पत्र भी जारी किया और दावा किया कि उनकी पार्टी जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरते हुए राज्य के नवनिर्माण के लिए कार्य करेगी। मदन सिंह सामंत ने कहा कि उन्हें श्री गर्व पिचास बालक देवता का आशीर्वाद प्राप्त है और जनता के समर्थन से वे हरिद्वार विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य आम जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और विकास को प्राथमिकता देना है। उन्होंने घोषणा की कि सरकार बनने पर प्रत्येक घर तक पेयजल पहुंचाया जाएगा, ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का निर्माण कराया जाएगा तथा मंदिरों में भी पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा शहरों में 3 रुपये प्रति यूनिट बिजली और 100 रुपये प्रतिमाह में पेयजल उपलब्ध कराने का वादा किया। संकल्प पत्र में 500 रुपये में घरेलू गैस सिलेंडर, 55 वर्ष की आयु से माता-पिता को 5,000 रुपये मासिक पेंशन, विधवा महिलाओं को 5,000 रुपये पेंशन, भोजन माताओं को 5,000 रुपये मासिक मानदेय तथा छात्र-छात्राओं को 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता देने का भी वादा किया गया। मदन सिंह सामंत ने कहा कि अतिक्रमण हटाने के लिए स्पष्ट और न्यायसंगत नीति बनाई जाएगी। साथ ही सरकारी अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ कर विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून का पालन सभी के लिए समान रूप से लागू होगा और महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो उनकी पार्टी लोगों की आकांक्षाओं पर खरी उतरेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि आगामी समय में पूरे उत्तराखंड में पार्टी का संगठन तेजी से विस्तार किया जाएगा।












Leave a Reply